Samastipur News:विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों का होगा गृहवार सर्वेक्षण

स्कूल पहुंच से बाहर के छह से 14 आयु वर्ग तथा 15 से 19 आयु वर्ग के बच्चों की पहचान के लिए गृहवार सर्वेक्षण किया जायेगा.

Samastipur News:समस्तीपुर : स्कूल पहुंच से बाहर के छह से 14 आयु वर्ग तथा 15 से 19 आयु वर्ग के बच्चों की पहचान के लिए गृहवार सर्वेक्षण किया जायेगा. विभाग द्वारा दिये गये गाइडलाइन के आलोक में जिले में सर्वेक्षण की रणनीति बनाई गई है. बच्चों की मुफ्त व अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के अनुसार स्कूल पहुंच से दूर रहने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें शिक्षा के मुख्यधारा में लाया जायेगा. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन नीति में स्कूल से बाहर के बच्चों को चिह्नित करने के लिए गृहवार सर्वेक्षण की महत्व पर जोर दिया गया है. डीपीओ एसएसए जमालुद्दीन ने सभी बीईओ, हेडमास्टरों को विभागीय आदेश से अवगत कराते हुए गृहवार सर्वेक्षण नीति की जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि सर्वेक्षण का उद्देश्य स्कूल से बाहर के छह से 14 आयु वर्ग के बच्चों की पहचान कर उन्हें उम्र सापेक्ष कक्षा में नामांकन कराना है. उन्हें उपचारात्मक शिक्षा प्रदान करना है. साथ ही 15 से 19 आयु वर्ग के वैसे बच्चों को भी चिह्नित करना है जो कतिपय कारणों से 10वीं व 12वीं की शिक्षा पूरी नहीं कर सके है. वैसे बच्चों को आवश्यकता के अनुसार दूरस्थ शिक्षा की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. स्कूल से बाहर के बच्चों की पहचान के लिए राज्य स्तर से एक सर्वेक्षण प्रपत्र विकसित किया गया है. सर्वेक्षण के लिए निर्धारित प्रपत्र में स्कूल से बाहर के बच्चों की पहचान करने के लिए आंकड़ों को एकत्रित करने का निर्णय लिया गया है तथा एकत्रित आंकड़ों की प्रविष्टि प्रबंध पोर्टल पर किया जायेगा. डीपीओ ने बीईओ को सर्वेक्षण के लिए मार्गदर्शिका उपलब्ध कराते हुए इसके आलोक में निर्धारित समय सीमा के अनुसार सर्वेक्षण की गतिविधियों का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है. स्कूल से बाहर के बच्चों का सर्वेक्षण को लेकर स्कूलों में 26 से 28 नवंबर तक हेल्प डेस्क का गठन किया जायेगा.

समय सारणी का निर्धारण

गृह वार सर्वेक्षण हेतु समय सारणी का निर्धारण किया गया है. प्रखंड व स्कूल स्तर पर कोर कमेटी का गठन 20 से 25 नवंबर के बीच, हेल्प डेस्क का गठन 26 से 28 नवंबर के बीच, जिला समन्वयकों का प्रशिक्षण 1 दिसंबर 2025, प्रखंड के दो विशेषज्ञ का प्रशिक्षण 3 से 8 दिसंबर, विद्यालय के प्रधानाध्यापक का प्रशिक्षण 9 से 15 दिसंबर, हेल्प डेस्क के माध्यम से आंकड़ों का संग्रहण 16 से 19 दिसंबर, गृह वार सर्वेक्षण 22 से 29 दिसंबर, आमसभा की बैठक में आंकड़ों की संपुष्टि 30 से 31 दिसंबर, सर्वेक्षण में विद्यालय से बाहर पाये गये बच्चे के पूर्व ज्ञान की जांच एवं नामांकन 2 से 6 जनवरी 2026, भरे गए प्रपत्र के अनुसार प्रबंधन पोर्टल पर आंकड़ों की प्रविष्टि 13 से 20 जनवरी तक निर्धारित की गई है.

कोर कमेटी का होगा गठन

जिला, प्रखंड एवं विद्यालय स्तर पर सर्वेक्षण एवं विद्यालय से बाहर के बच्चों के उम्र सापेक्ष कक्षा में नामांकन तथा विशेष प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने को कोर कमेटी का गठन किया जायेगा. जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में कोर कमेटी का गठन किया जायेगा. इसमें जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रा.शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) पहुंच एवं विशेष प्रशिक्षण समन्वयक एवं एमआईएस प्रभारी सदस्य बनाये जायेंगे. जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जिला स्तर के पदाधिकारियों की टीम का गठन कर सर्वेक्षण का अनुश्रवण कराया जायेगा. प्रखंड स्तर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में कोर कमिटि गठित की जायेगा. इसमें प्रखंड साधन सेवी एवं डाटा इंट्री ऑपरेटर सह लेखापाल होंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >