समस्तीपुर: स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट से 75 लीटर विदेशी शराब बरामदगी मामले में आरोपित नेहा झा की जमानत अर्जी पर शुक्रवार को समस्तीपुर विशेष आबकारी न्यायालय-2 में सुनवाई हुई. सुनवाई के बाद न्यायालय ने जमानत आवेदन पर तत्काल कोई फैसला नहीं सुनाया. अब मामले में अगली सुनवाई के लिए 24 सितंबर की तिथि निर्धारित की गयी है.
75 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ी गयी थी नेहा
गौरतलब है कि समस्तीपुर जंक्शन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की फर्स्ट क्लास बोगी से शराब बरामदगी के मामले में एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया था. आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम को ट्रेन से शराब तस्करी की सूचना मिली थी. ट्रेन के समस्तीपुर जंक्शन पहुंचने के बाद संबंधित कोच की तलाशी ली गयी.
तलाशी के दौरान बैग में रखी विदेशी शराब बरामद की गयी. इसके बाद एक युवक और युवती को हिरासत में लिया गया. मामले में 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एच-1 कोच में बर्थ संख्या 7 से नेहा कुमारी और ईशान कुमार के कब्जे से कुल 75 लीटर विदेशी शराब बरामद होने की बात सामने आयी थी.
शराब की खेप के स्रोत की जांच कर रही SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी के निर्देश पर समस्तीपुर रेल डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी शराब की खेप के स्रोत, इसे बिहार लाने के मकसद और संभावित डिलीवरी नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
पुलिस ने गिरफ्तारी के समय नेहा का मोबाइल भी जब्त किया था. उसके मोबाइल की तकनीकी जांच की जा रही है. जांच का उद्देश्य शराब की खेप से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य कड़ियों के बारे में जानकारी जुटाना है.
अब इस मामले में 24 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर अदालत के रुख पर नजर रहेगी.
यह भी पढ़ें
उत्तर बिहार में 23 सितंबर तक उमस भरी गर्मी, 36 डिग्री तक रहेगा तापमान; हल्की बारिश के आसार
