समस्तीपुर: पुलिस केंद्र में पदस्थापित 32 वर्षीय महिला सिपाही मालती कुमारी की शुक्रवार तड़के सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. गुरुवार की मध्य रात्रि पुलिस केंद्र स्थित क्वार्टर में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद सहकर्मियों ने उन्हें सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया था. बाद में चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां करीब सुबह चार बजे उनकी मौत हो गयी.
मृतका रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के मल्हीपुर गांव निवासी सीताराम सिंह की पुत्री थीं. वह सिपाही संख्या 166 के रूप में पुलिस केंद्र की डिस्पैच शाखा में पदस्थापित थीं.
रात 2 बजे अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब दो बजे पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में मालती कुमारी को अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई. उस समय क्वार्टर में उनकी मां और दो छोटे बच्चे भी मौजूद थे. तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर सहकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया.
चिकित्सकों की सलाह पर बाद में उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया. बताया जाता है कि आईसीयू में इलाज के दौरान करीब सुबह चार बजे उनकी मौत हो गयी.
महिला सिपाही की मौत की सूचना मिलते ही उनके सहकर्मियों में मायूसी छा गयी. कुछ सहकर्मियों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आपत्ति जतायी. इस दौरान वहां मौजूद ऑन ड्यूटी चिकित्सक और दो चिकित्सा कर्मियों को घेर लिया गया, जिसके कारण काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा.
वरीय पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
मामले की जानकारी पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी गयी. सूचना पर लाइन डीएसपी सुनील कुमार सिंह, डीएसपी दुर्गेश दीपक, नगर एवं मुफस्सिल थानाध्यक्ष समेत पुलिस मेंस एसोसिएशन के सदस्य सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और घटनाक्रम की जांच शुरू की.
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. इससे पहले पुलिस द्वारा मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी थी.
मृतका के शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद शव को पुलिस केंद्र ले जाकर शोक सलामी दी गयी और परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बताया गया कि मालती कुमारी के साथ पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में उनके दो छोटे पुत्र और मां रहती थीं. उनकी मां लंबे समय से असाध्य बीमारी से पीड़ित हैं.
लाइन डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. आगे विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
चिकित्सकों से मांगा गया शोकॉज
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान महिला सिपाही की मौत के बाद पुलिस मेंस एसोसिएशन के सदस्यों ने चिकित्सा व्यवस्था पर प्रश्न उठाया. सदर अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक और कर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया गया.
मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने सदर अस्पताल पहुंचकर स्वयं पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिया.
मौके पर पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रामजन्म कुमार, मंत्री मनोज कुमार, विशाल कुमार, नीतीश कुमार, संदीप कुमार, डब्लू कुमार, सलीम सिद्दीकी, सोना लाल पंडित समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
वहीं, प्रशासन की ओर से सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार झा, डॉ. सत्येंद्र कुमार और डॉ. एआर श्रीवास्तव से शोकॉज मांगा गया है. पूरे आरोपों की जांच के लिए सिविल सर्जन की ओर से एक जांच टीम गठित की जा रही है.
मेडिकल टीम ने किया पोस्टमार्टम
पुलिस लाइन में तैनात मृतका महिला सिपाही मालती कुमारी के शव के पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पांच सदस्यीय मेडिकल टीम गठित की गयी. सदर अस्पताल उपाधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया.
मेडिकल टीम में डॉ. निर्मल कुमार चौधरी अध्यक्ष, जबकि डॉ. पीडी शर्मा, डॉ. सैयद मेराज ईमाम, डॉ. मंजुला भगत और डॉ. आरपी मंडल सदस्य के रूप में शामिल रहे.
यह भी पढ़ें
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC कोच से 75 लीटर शराब बरामद, नेहा झा को नहीं मिली बेल
