Bithan News: बिथान बाजार की मुख्य सड़क पर जलजमाव, गहरे गड्ढों और बदहाल सड़क व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को माकपा कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया. माकपा नेता रामदयाल भारती के नेतृत्व में काली मंदिर के समीप बांस-बल्ला लगाकर मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा.
वर्षों से जर्जर सड़क, हल्की बारिश में हो जाता है जलजमाव
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिथान बाजार की सड़कें वर्षों से जर्जर स्थिति में हैं. हल्की बारिश होने पर भी सड़क पर जलजमाव हो जाता है और गहरे गड्ढों के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.
यात्रियों ने भी आंदोलन का किया समर्थन
सड़क जाम के दौरान जब राहगीरों और स्थानीय लोगों को आंदोलन का कारण पता चला तो उन्होंने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया. इससे आंदोलन को और व्यापक समर्थन मिला.
प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम
सूचना मिलने पर डीपीआरओ और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे. बीडीओ जिला मुख्यालय में बैठक में होने के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आंदोलनकारियों से बातचीत की गई.
प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आंदोलनकारियों, जनप्रतिनिधियों, बीडीओ, सीओ और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक कर सड़क पर तत्काल ईंट और राबिश डालकर गड्ढों को भरते हुए सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाएगा. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया.
मरम्मत नहीं हुई तो फिर होगा आंदोलन
माकपा नेता रामदयाल भारती ने कहा कि यदि जल्द सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो पार्टी के बैनर तले फिर से आंदोलन किया जाएगा.
प्रदर्शन में चानो साह, तारा देवी, अशोक कुमार सिंह, निर्मला बिहारी, अखिलदेव भारती, लुटकन यादव, संतोष यादव, धर्मेंद्र यादव, पवन कुमार यादव, मनोज कुमार यादव, राम सिंहासन राय और पुरुषोत्तम पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
