समस्तीपुर: सरायरंजन थाना क्षेत्र के सातनपुर रोड स्थित हुंडैया पेट्रोल पंप के निकट गुरुवार को कार और बाइक की जोरदार टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे में बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे समस्तीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृतक की पहचान रुपौली पंचायत के बनघारा टोल निवासी रामप्रीत दास के पुत्र सुशील दास (22) के रूप में हुई है. घायल युवक इसी गांव के बालेश्वर राय का पुत्र शिवनाथ राय है.
सामने से आ रही कार ने बाइक में मारी टक्कर
बताया गया कि सुशील दास और शिवनाथ राय एक ही हीरो ग्लैमर बाइक पर सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही मारुति स्विफ्ट डिजायर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुशील दास की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि शिवनाथ राय गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसे मुसरीघरारी थानाध्यक्ष नेहा निधि के हवाले कर दिया.
कार चालक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के समर्थ गांव निवासी अवधेश कुमार सिंह के पुत्र आदित्य सिंह के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष ने उसे आगे की कार्रवाई के लिए यातायात थाना, समस्तीपुर को सौंप दिया.
मुआवजे की मांग को लेकर NH-28 जाम
युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-28 को जाम कर दिया. जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
सूचना मिलने पर मुसरीघरारी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाया. इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य करायी गयी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. इधर, युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें
पुलिस केंद्र की महिला सिपाही की ICU में मौत, इलाज में लापरवाही के आरोपों पर जांच शुरू
