Samastipur News: समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया विशनपुर गांव में 20 जुलाई को स्कूली छात्रा की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने मुख्य आरोपी और ₹25 हजार के इनामी बदमाश बबलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
एसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि 20 जुलाई की सुबह कैजिया विशनपुर (मंगल स्थान) के समीप एक स्कूली छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले में मृतका के पिता के आवेदन पर हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें चंदौली वार्ड संख्या 13 निवासी लालबाबू साह के पुत्र बबलू कुमार को नामजद किया गया था.
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने चार खोखा और दो पिलेट बरामद किए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सह सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ₹25 हजार का इनाम घोषित कर लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था.
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गिरफ्तारी
एसपी ने बताया कि तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया. वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने छात्रा से प्रेम संबंध होने और विवाह के लिए दबाव बनाने की बात स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, छात्रा द्वारा शादी से इनकार किए जाने पर आरोपी ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी.
त्वरित ट्रायल की होगी पहल
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में त्वरित ट्रायल चलाकर दोषी के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
छापेमारी दल में मुफस्सिल अंचल निरीक्षक संदीप कुमार, डीआईयू शाखा के कुणाल चंद्र सिंह, वैनी थानाध्यक्ष कल्पना कुमारी, पूसा थाना के पुअनि शंकर कुमार, पुअनि राकेश चौधरी, सअनि रविन्द्र कुमार सिंह, सिपाही अमित, कुंदन सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
