भगवतपुर के तालाब में उपलाती मिली गायब किशोरी की लाश

तीन दिन पहले घर से गायब हुई थी किशोरी परिजन व ग्रामीण जता रहे हत्या की आशंका सरायरंजन : थाना क्षेत्र के भगवतपुर स्कूल के निकट स्थित तालाब में रविवार की दोपहर किशोरी की लाश उपलाती हुई मिली है. मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल […]

तीन दिन पहले घर से गायब हुई थी किशोरी

परिजन व ग्रामीण जता रहे हत्या की आशंका
सरायरंजन : थाना क्षेत्र के भगवतपुर स्कूल के निकट स्थित तालाब में रविवार की दोपहर किशोरी की लाश उपलाती हुई मिली है. मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भेज दिया है. शव के सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
मृतका भगवतपुर पंचायत के वार्ड 13 निवासी ओमप्रकाश महतो की पुत्री पूजा कुमारी (15) है. वह बीते तीन दिनों से गायब थी. लोगों ने बताया कि रविवार की दोपहर कुछ लोग खेत जा रहे थे. इसी दौरान पानी में उपलाती हुई लाश पर नजर पड़ी. इसके बाद गांव में जाकर घटना की जानकारी दी. जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गयी. कुछ ग्रामीणों ने घटना की जानकारी सरायरंजन पुलिस को दी.
सूचना पर एसआइ अजय पासवान घटना स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी. घटना के बाबत परिजनों ने बताया कि पूजा तीन दिनों से घर से गायब थी. उसकी काफी खोजबीन की गयी. लेकिन उसका कुछ अतापता नहीं चला. तीसरे दिन रविवार की दोपहर भगवतपुर स्थित तालाब में मृत अवस्था में पानी में उपलाती हुई मिली. परिजन हत्या की भी आशंका जता रहे हैं.
ग्रामीणों द्वारा किशोरी के शव मिलने पर कई तरह की कयास लगाये जा रहे हैं. ग्रामीणों ने का यह भी कहना है कि कहीं अन्यत्र युवती की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए अपराधियों ने यहां लाश को फेंक दिया होगा. ऐसे यह पुलिसिया जांच का विषय है. थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोरी की डूबने से मौत हुई प्रतीत होती है. वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के आवेदन के बाद ही घटना का खुलासा हो पायेगा. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >