दो युवकों को किया नामजद, एक को पकड़कर ग्रामीणों ने किया पुलिस के हवाले
शिकायत पर प्राथमिकी दर्जकर जांच में जुटी पुलिस
वारिसनगर : मथुरापुर घाट पर ऑटो पर शनिवार की देर रात बेहोशी की अवस्था में पुलिस को मिली वारिसनगर थाने के एक गांव की किशोरी ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें गांव के ही एक युवक समेत दो लोगों को आरोपित किया है. पीड़िता ने कहा है कि शनिवार की संध्या सात बजे वह गांव की ही एक बच्ची के साथ शौच को निकली थी. इसी बीच गांव के ही मुकेश राम व मनियारपुर गांव के शिवा साह ने उसे पकड़ लिया. शिवा ने उसके मुंह में रुमाल डाल दिया.
मुकेश ने मुंह पर नशीला पाउडर छिड़क दिया. जिससे वह बेहोश होने लगी. तभी दोनों उसे ऑटो पर बैठा लिया. इसके बाद वह बेहोश हो गयी. रात करीब बारह बजे जब उसे होश आया, तो शिवा के साथ ऑटो पर अपने को पाया. कुछ देर बाद वह जब ऑटो से मथुरापुर घाट पर पहुंची, तो वहां मौजूद पुलिस को देखकर कूद कर पुलिस के पास पहुंची. पुलिस के द्वारा उसके परिजनों को इसकी सूचना दी गयी. जहां से परिजन उसे वारिसनगर पीएचसी ले गये.
जहां चिकित्सकों ने उसे समस्तीपुर रेफर कर दिया. स्थिति खराब देख कर किशोरी को सदर अस्पताल से डीएमसीएच भेजा गया. थानाध्यक्ष प्रसुन्नजय कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने आरोपित मुकेश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है. प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी को स्वास्थ्य परीक्षण व 164 के बयान के लिए पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया है. गिरफ्तार आरोपित को जेल भेजा जा रहा है.
