सहरसा से आशीष कुमार सिंह की रिपोर्ट: बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र के मुरली गांव (वार्ड संख्या 4) में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान रेखा देवी (पति घनश्याम यादव) के रूप में की गई है. इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
पीछे से मारी जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, रेखा देवी शुक्रवार रात करीब आठ बजे अपने घर के पास ही पैदल किसी दूसरे घर जा रही थीं. इसी दौरान सोनवर्षा की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं. परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सोनवर्षा अस्पताल ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दो साल पहले भी हुई थीं हादसे की शिकार
परिजनों ने रोते हुए बताया कि रेखा देवी की किस्मत में मानो यह हादसा पहले से लिखा था. दो वर्ष पूर्व भी वे एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जिसके बाद उनके पैर में स्टील रॉड लगाई गई थी. अभी करीब दो महीने पहले ही डॉक्टरों ने उनके पैर से वह स्टील रॉड निकाली थी. वह पूरी तरह से रिकवर (स्वस्थ) भी नहीं हो पाई थीं कि इस दूसरे हादसे ने उनकी जान ले ली.
चालक फरार, पुलिस कार्रवाई में जुटी
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह हादसा गांव के ही राम किशोर शर्मा के पुत्र गुड्डू की बाइक से हुआ है. घटना को अंजाम देने के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
सड़क सुरक्षा के लिए गोलंबर निर्माण की मांग
मुरली गांव में लगातार हो रहे सड़क हादसों से ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं. उन्होंने सोनवर्षा-सिमरी एवं मुरली-सुगमा मुख्य मार्ग के चौराहे पर गोलंबर निर्माण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि इस रूट पर वाहनों की रफ्तार बहुत तेज होती है, जिस पर नियंत्रण लगाने के लिए गति अवरोधक या गोलंबर बेहद जरूरी है. थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बाइक चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
