कॉलेज की मुख्य सड़क पर 10 दिनों से गिरा है पेड़, छात्र और कर्मी परेशान

सहरसा के SNSRKS कॉलेज की मुख्य सड़क पर 10 दिनों से गिरा पेड़ नगर निगम और वन विभाग की लापरवाही की कहानी बयां कर रहा है. रास्ता बाधित होने से सैकड़ों छात्रों और कॉलेज कर्मियों को आवाजाही में भारी जोखिम उठाना पड़ रहा है.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट: शहर के प्रतिष्ठित सर्व नारायण सिंह राम कुमार सिंह (SNSRKS) महाविद्यालय जाने वाली मुख्य सड़क पर पिछले दस दिनों से एक विशाल पेड़ गिरा हुआ है. यह पेड़ हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान गिरा था, जिसे अब तक नहीं हटाया गया है. इस लापरवाही के कारण छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कॉलेज कर्मियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

हादसे को दावत दे रही संकरी सड़क

सड़क के बीचों-बीच पेड़ गिरे होने के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया है. दोपहिया वाहन चालक अपनी जान जोखिम में डालकर किसी तरह वहां से गुजर रहे हैं. स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों का कहना है कि सड़क पर जगह कम होने से कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है. विशेष रूप से बाइक सवारों को वहां से निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है, जबकि कई छात्र पैदल ही रास्ता पार करने को मजबूर हैं.

प्रशासनिक उदासीनता से बढ़ा आक्रोश

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. अनंत कुमार सिंह ने बताया कि सड़क बाधित होने की जानकारी वन विभाग और नगर निगम को पहले ही दी जा चुकी है. उन्होंने कहा, “दस दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित विभागों द्वारा पेड़ को हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. बच्चों और कॉलेज कर्मियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके.”

बारिश में और बढ़ जाएगा खतरा

ग्रामीणों और छात्रों ने चिंता जताई है कि यदि जल्द ही पेड़ नहीं हटाया गया, तो आने वाले दिनों में बारिश या तेज हवा की स्थिति में स्थिति और भी विकराल हो सकती है. फिसलन और संकरे रास्ते के कारण राहगीरों के चोटिल होने का डर बना हुआ है. लोगों ने जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर रास्ता साफ कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >