सिमरी बख्तियारपुर में फुट ओवरब्रिज पर चढ़ेगा गार्डर, आज 4 घंटे रहेगा रेल ब्लॉक, कई ट्रेनें प्रभावित

सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को नए फुट ओवरब्रिज (FOB) के निर्माण को लेकर रेलवे द्वारा करीब चार घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है. इस महा-अभियान के तहत भारी गार्डर को पोजीशन पर चढ़ाने के लिए अत्याधुनिक हाइड्रोलिक टेलीस्कोपिक क्रेन सिमरी बख्तियारपुर पहुंच चुकी है.

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) से आयुष कुमार की रिपोर्ट:

सुबह 11 बजे से ठप रहेगा रेल परिचालन, अत्याधुनिक क्रेन संभालेगी मोर्चा

सहरसा-मानसी रेलखंड पर सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है. बुधवार को इस रूट पर रेलवे द्वारा एक बड़ा निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:00 बजे से लेकर दोपहर तक कुल 3 घंटे 50 मिनट का ट्रैफिक ब्लॉक प्रस्तावित किया गया है. इस बेहद संवेदनशील कार्य को अंजाम देने के लिए स्टेशन पर भारी क्षमता वाली हाईटेक हाइड्रोलिक टेलीस्कोपिक क्रेन बुलाई गई है. इस भारी-भरकम क्रेन की मदद से सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर बन रहे दूसरे फुट ओवरब्रिज के मुख्य स्टील गार्डर को पिलर के ऊपर स्थापित किया जाएगा.

ओम कंस्ट्रक्शन की टीम मुस्तैद, सभी स्टेशनों को दी गई सूचना

इस महत्वपूर्ण परियोजना का जिम्मा ओम कंस्ट्रक्शन एजेंसी को सौंपा गया है, जिसने क्रेन के साथ-साथ विशेषज्ञों और तकनीकी टीम को स्टेशन परिसर में तैनात कर दिया है. रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ब्लॉक के चलते इस रूट से गुजरने वाली कई सवारी और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकता है. इस ब्लॉक की आधिकारिक सूचना सहरसा-मानसी रेलखंड के सभी छोटे-बड़े स्टेशनों को पहले ही वायरलेस के जरिए दे दी गई है, ताकि स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के अनुसार ट्रेनों को री-शेड्यूल किया जा सके.

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से चल रहा है काम

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि पूर्व मध्य रेलवे द्वारा सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, सुपौल, मधेपुरा सहित अमृत भारत योजना के तहत चयनित सभी स्टेशनों पर नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है. अधिकांश चिन्हित स्टेशनों पर बुनियादी फाउंडेशन (नींव) का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है और अब क्रेन के माध्यम से गार्डर चढ़ाने की अंतिम प्रक्रिया शुरू की गई है.

सुरक्षा कारणों से रोका जाएगा ट्रैफिक, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

चूंकि रेलवे ट्रैक के ऊपर भारी गार्डर चढ़ाने का काम अत्यधिक तकनीकी और संवेदनशील होता है, इसलिए सुरक्षा मानकों को सर्वोपरि रखते हुए इस दौरान संबंधित ट्रैक पर रेल परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. रेल प्रशासन ने आम यात्रियों से विनम्र अपील की है कि वे घर से निकलने या यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों की वर्तमान स्थिति और समय सारणी की सटीक जानकारी पूछताछ काउंटर या रेलवे हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की मानसिक या शारीरिक परेशानी का सामना न करना पड़े.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >