SAHARA तालाब में तब्दील हुई बैजनाथपुर चौक की सड़क
सहरसा-मधेपुरा मुख्य मार्ग एनएच 107 के किनारे बसे सहरसा नगर निगम क्षेत्र के बैजनाथपुर चौक की स्थिति इन दिनों पूरी तरह दयनीय बनी हुई है.
सौरबाजार, सहरसा से छत्री कुमार की रिपोर्ट :
सहरसा-मधेपुरा मुख्य मार्ग एनएच 107 के किनारे बसे सहरसा नगर निगम क्षेत्र के बैजनाथपुर चौक की स्थिति इन दिनों पूरी तरह दयनीय बनी हुई है. चौक के दोनों ओर सड़क तालाब में तब्दील हो चुकी है. सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से गुजरना अब किसी यातना से कम नहीं रह गया है. मिली जानकारी के अनुसार बैजनाथपुर चौक पर करीब 300 मीटर लंबे फ्लाईओवर ब्रिज के दोनों ओर नीचे की सड़क लंबे समय से निर्माणाधीन है और निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी रहने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है. सहरसा से मधेपुरा और मधेपुरा से सहरसा जाने वाले वाहन तो फ्लाईओवर के ऊपर से निकल जाते हैं, लेकिन सौरबाजार, सोनवर्षा राज, घैलाढ़ और गम्हरिया बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को नीचे की बदहाल सड़क से होकर गुजरना पड़ता है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में पानी जमा है, जिससे बाइक, साइकिल, ऑटो समेत छोटे-बड़े वाहन आये दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. सड़क किनारे बसे दुकानदारों, व्यवसायियों एवं ग्राहकों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. दुकानदारों का कहना है कि खराब सड़क और जलजमाव के कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य कर रही एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विभाग से कार्रवाई की मांग की है. लोगों ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले यदि सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो स्थिति और भयावह हो जायेगी. स्थानीय नागरिकों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द निर्माण कार्य पूरा कर लोगों को राहत दिलाने की मांग की है. साथ ही फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र से कचरा लाकर बाहर ले जाने के बजाय बीच चौराहे पर ही जमा करते हैं. जिससे परेशानी हो रही है.