सहरसा में नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव 30 मई को, पार्षदों को भेजा गया नोटिस

Simri Bakhtiyarpur Election: सहरसा में सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद में बढ़ी राजनीतिक हलचल. नामांकन से लेकर मतदान और शपथ ग्रहण तक की प्रक्रिया अनुमंडल कार्यालय में होगी

Simri Bakhtiyarpur Election: सहरसा में आयुष, सिमरी बख्तियारपुर. सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. राज्य सरकार के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने समिति के तीन सदस्यों के चुनाव के लिए 30 मई 2026 की तिथि निर्धारित की है. चुनाव प्रक्रिया शनिवार सुबह 8 बजे से अनुमंडल कार्यालय में आयोजित की जाएगी.

पार्षदों को भेजी गई आधिकारिक सूचना

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, सहरसा की ओर से नगर परिषद के सभी वार्ड पार्षदों को आधिकारिक सूचना भेज दी गई है. पत्र में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर नामांकन, मतदान और शपथ ग्रहण जैसी सभी प्रक्रियाओं में भाग लेने का अनुरोध किया गया है.

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार चुनाव को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई है. संभावित उम्मीदवारों ने समर्थन जुटाने के लिए पार्षदों से संपर्क शुरू कर दिया है.

पहले टल गया था चुनाव

जानकारी के मुताबिक बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार ने 19 मई 2026 को राज्य के सभी जिलाधिकारियों को चुनाव कराने का निर्देश जारी किया था.

विभागीय कार्यक्रम के अनुसार यह चुनाव पहले 15 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 के बीच कराया जाना था. हालांकि अपरिहार्य कारणों से 15 अप्रैल को ही चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी. अब सरकार ने स्थगित प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है.

26 से 31 मई के बीच पूरे राज्य में चुनाव

राज्य सरकार ने सभी जिलों में 26 मई से 31 मई 2026 के बीच सशक्त स्थायी समिति का चुनाव कराने की समय-सीमा तय की है. इसी क्रम में सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद में 30 मई को मतदान कराया जाएगा.

स्थानीय प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी है. अनुमंडल कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.

नगर परिषद की राजनीति पर टिकी नजर

स्थानीय लोगों का कहना है कि सशक्त स्थायी समिति का गठन नगर परिषद की भविष्य की कार्यशैली और विकास योजनाओं को प्रभावित करेगा. ऐसे में इस चुनाव को नगर परिषद की राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है.

Also Read: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की सुरक्षा बढ़ी, पहले से रची गई थी हमले की साजिश, तीसरा आरोपी अब भी फरार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >