Saharsa Weather Update: विनय कुमार मिश्र, सहरसा. जिले में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रविवार सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया. मौसम वैज्ञानिकों ने 28 मई के बाद हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन तब तक लू और गर्मी का असर जारी रहने की आशंका है.
दोपहर में सूनी दिखीं सड़कें
रविवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया. दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही काफी कम दिखी और लोग धूप से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर नजर आए. बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही.
अस्पतालों में बढ़ने लगे मरीज
भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है. अस्पतालों में उल्टी-दस्त, पेट दर्द और पाचन संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. डॉक्टरों ने लोगों को अधिक पानी पीने, हल्का भोजन करने और धूप से बचने की सलाह दी है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है.
28 मई के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विज्ञान विभाग अगुवानपुर की ओर से जारी अल्प अवधि पूर्वानुमान के अनुसार 28 मई से 30 मई के बीच जिले में हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि 27 मई तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है. इसके बाद मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है.
किसानों को दी गई विशेष सलाह
विशेषज्ञों ने किसानों को सुबह या शाम के समय ही खेतों में काम करने की सलाह दी है. खेत में काम करते समय सिर को गमछा या टोपी से ढककर रखने को कहा गया है, ताकि लू से बचाव हो सके. लगातार बढ़ती गर्मी का असर खेती-किसानी पर भी पड़ने लगा है.
सावधानी बरतने की अपील
विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और जरूरत पड़ने पर पूरे शरीर को ढककर बाहर निकलने की अपील की है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन लोगों को गर्मी से सतर्क रहने की जरूरत है.
