Saharsa news: सहरसा से प्रतिनिधि की रिपोर्ट:
शहर के व्यस्त इलाके सुपर मार्केट स्थित कला भवन के सामने इन दिनों कचरे का अंबार लगा हुआ है. सड़क किनारे फैली गंदगी से स्थानीय लोगों, दुकानदारों एवं राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इलाके में उठ रही दुर्गंध एवं लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार सुपर मार्केट स्थित कला भवन के सामने फल के थोक विक्रेता ट्रक लगाकर फल उतारते हैं और बचा हुआ कचरा वहीं छोड़ देते हैं. धीरे-धीरे यह जगह कूड़े के बड़े ढेर में तब्दील हो गई है. लोगों का कहना है कि इस स्थान पर थोक विक्रेताओं को ट्रक लगाकर फल उतारने की अनुमति भी नहीं है, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही है.
लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की ओर से नियमित सफाई नहीं कराए जाने के कारण कचरे का ढेर दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है. खासकर गर्मी के मौसम में बदबू और गंदगी से आसपास के दुकानदारों एवं ग्राहकों को काफी दिक्कत हो रही है. दुकानदारों का कहना है कि गंदगी की वजह से ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे उनके व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है.
वहीं बस स्टैंड जाने वाले यात्रियों एवं राहगीरों को इस रास्ते से गुजरते समय नाक-मुंह ढककर चलना पड़ रहा है. स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई कि कचरे के इस ढेर से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है. गंदगी के कारण मच्छर एवं अन्य कीड़े-मकोड़े पनप रहे हैं, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं.
स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द कचरे की सफाई कराने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके.
