सहरसा से अमित राठौड़ की रिपोर्ट:
Saharsa news: सोनवर्षाराज. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘नो व्हीकल डे’ अभियान का असर सोमवार को सोनवर्षाराज प्रखंड मुख्यालय में देखने को मिला.
अभियान के तहत अंचलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिन्हा और राजस्व पदाधिकारी शैयद बादशाह अपने आवास से पैदल चलकर कार्यालय पहुंचे. अधिकारियों की इस पहल से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया.
इस दौरान सीओ जितेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने और प्रदूषण कम करने के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव संभव हैं.
उन्होंने लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन वाहन का कम उपयोग करने की अपील की. उनका कहना था कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ईंधन की भी बचत होगी.
अधिकारियों की इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की और इसे जागरूकता की दिशा में सकारात्मक कदम बताया.
