हर प्रखंड में बनेगी एक आदर्श पंचायत, डीएम ने योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन का दिया निर्देश

जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने प्रत्येक प्रखंड में एक आदर्श पंचायत विकसित करने की योजना की समीक्षा की। गुणवत्तापूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वच्छता और विभिन्न विकास मानकों पर पंचायतों का मूल्यांकन किया जाएगा।

Saharsa Model Panchayat: विकास भवन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक आदर्श पंचायत के चयन एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा प्रत्येक प्रखंड से चयनित तीन-तीन पंचायतों के मुखियाओं ने भाग लिया. सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी गूगल मीट के माध्यम से बैठक से जुड़े.

हर प्रखंड में विकसित होगी एक आदर्श पंचायत

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रखंड में एक पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके लिए सभी विभागों की योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संतृप्त क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है.

मुखियाओं से मांगे सुझाव, नियमित निगरानी पर जोर

Saharsa Model Panchayat: डीएम ने बैठक में उपस्थित सभी मुखियाओं से सुझाव प्राप्त किए और उनसे पंचायत सरकार भवन में नियमित रूप से उपस्थित रहकर विकास कार्यों की निगरानी करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं की समीक्षा की जाए तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाये.

स्वच्छ पंचायत बनाने पर विशेष जोर

बैठक में पंचायतों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने पर विशेष बल दिया गया. जिलाधिकारी ने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के जिला समन्वयक को निर्देश दिया कि सभी पंचायतों में घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जाए. उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों के नियमित संचालन और उपयोगकर्ता शुल्क का शत-प्रतिशत संग्रह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही मुखियाओं से ग्रामीणों को प्रतिमाह 30 रुपये सुविधा शुल्क जमा करने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया.

इन मानकों पर होगा पंचायतों का मूल्यांकन

आदर्श पंचायत चयन के लिए विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत सरकार भवन, सामुदायिक भवन, जीविका गतिविधियां, खेल मैदान, पेयजल, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, हर घर नल का जल, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, सड़क संपर्क, कृषि, पशुपालन, बैंकिंग सुविधा, डिजिटल कनेक्टिविटी, महिला सशक्तिकरण, आजीविका और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न विकासात्मक मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जायेगा.

प्रखंड और जिला स्तर पर बनेगी निगरानी समिति

बैठक में बताया गया कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रखंड एवं जिला स्तर पर समितियों का गठन किया गया है. प्रखंड स्तरीय समिति चयनित पंचायतों में योजनाओं की नियमित निगरानी करेगी और साप्ताहिक बैठक के माध्यम से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेगी. वहीं जिला स्तरीय समिति उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समय-समय पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगी.बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों से समन्वित प्रयास एवं जनसहभागिता के साथ चयनित पंचायतों को राज्य सरकार की परिकल्पना के अनुरूप आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने का आह्वान किया.

ALSO READ: पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था शुरू, पहले दिन नहीं मिला अपेक्षित प्रतिसाद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinay kumar mishra

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >