Saharsa Mandi: सहरसा से विनय कुमार मिश्र विशेष रिपोर्ट. सहरसा मंडी में रविवार को मौसम साफ रहने के कारण अनाज की आवक सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही. किसानों द्वारा लगातार मक्का की बिक्री किये जाने से बाजार में दबाव बढ़ा और इसके भाव में नरमी दर्ज की गयी. वहीं गेहूं के दाम भी हल्के कमजोर रहे. दूसरी ओर चावल की मांग मजबूत रहने से बाजार में तेजी का माहौल देखने को मिला.
मक्का की बढ़ी आवक से दबाव में बाजार
मंडी कारोबारियों के अनुसार इस समय किसान तेजी से मक्का बेच रहे हैं. लेकिन बड़े खरीदार सीमित मात्रा में ही खरीदारी कर रहे हैं. इसका सीधा असर बाजार भाव पर दिख रहा है. रविवार को मक्का का अधिकतम भाव 2000 रुपये प्रति क्विंटल और न्यूनतम भाव 1900 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.
व्यापारियों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक आवक इसी तरह बनी रही तो मक्का के भाव में और नरमी देखने को मिल सकती है. किसानों के बीच भी कीमत को लेकर चिंता बढ़ रही है.
गेहूं में हल्की गिरावट, चावल में मजबूती
गेहूं के बाजार में भी हल्की कमजोरी दर्ज की गयी. रविवार को गेहूं का अधिकतम रेट 2500 रुपये और न्यूनतम 2400 रुपये प्रति क्विंटल रहा. वहीं चावल की मांग मजबूत रहने से बाजार में तेजी बनी रही.
खिलाखिला चावल का भाव 5280 रुपये तक पहुंच गया, जबकि 24 कैरेट बासमती चावल 5760 रुपये प्रति क्विंटल के उच्च स्तर पर कारोबार करता दिखा. कारोबारियों के अनुसार बाहर के बाजारों से मांग बढ़ने के कारण चावल के दाम फिलहाल मजबूत बने रह सकते हैं.
दाल और तेलहन बाजार स्थिर
दाल एवं तेलहन बाजार में सामान्य कारोबार देखने को मिला. मसूर दाल 7000 रुपये, मूंग दाल 10000 रुपये और अरहर दाल 15000 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी. वहीं पीली सरसों का भाव 12000 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया.
सब्जी बाजार में आलू और प्याज के दाम सामान्य रहे. आलू 800 से 900 रुपये और प्याज 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिकता रहा.
Also Read:बंटवारा नहीं होने पर भी जारी रहेगा सर्वे, एक्शन मोड में सरकार, 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य
