Saharsa Created History: सहरसा से विनय कुमार मिश्र. सहरसा ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग एवं भवन गणना कार्य में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे बिहार में पहला स्थान प्राप्त किया है. जिले ने निर्धारित 3603 एचएलबी कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा कर शत प्रतिशत सफलता दर्ज की है. इस उपलब्धि के बाद जिला प्रशासन और गणनाकर्मियों में उत्साह का माहौल है.
समय से पहले पूरा हुआ पूरा लक्ष्य
जनगणना 2027 के फेस-1 के तहत जिले में हाउस लिस्टिंग और भवन गणना का कार्य चल रहा था. प्रशासन के मुताबिक सहरसा ने तय लक्ष्य को समय से पहले पूरा कर राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है.
अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि जिला प्रशासन, पर्यवेक्षकों, गणनाकर्मियों और तकनीकी टीम के बेहतर समन्वय और लगातार मेहनत का नतीजा है. पूरे अभियान के दौरान कार्य की नियमित मॉनिटरिंग और अनुश्रवण किया गया.
डीएम के नेतृत्व की हो रही सराहना
इस सफलता का बड़ा श्रेय जिलाधिकारी दीपेश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन को दिया जा रहा है. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार डीएम लगातार जनगणना कार्य की समीक्षा कर रहे थे और टीम को प्रेरित कर रहे थे. इसी का परिणाम रहा कि जिले ने शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया.
कोसांग के पदाधिकारियों और कर्मियों ने भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अधिकारियों के मुताबिक सभी स्तर पर टीमवर्क और अनुशासन बनाए रखा गया, जिससे कार्य में तेजी आई.
तकनीकी टीम ने भी निभाई अहम भूमिका
मुख्य कोषांग में रविन्द्र कुमार ठाकुर, मनोज कुमार सुमन, पूजा कुमारी, आनंद कुमार झा, अखिलेश्वर चौधरी, चन्द्रकिशोर रवि, नंदन कुमार, आशीष Kumar, राहुल कुमार, श्यामदेव, प्रिंस गौरव और मनीष कुमार सक्रिय रूप से जुड़े रहे.
वहीं तकनीकी सहायक विनीत कुमार, उंजन कुमारी और मल्टीटास्किंग कर्मी पवन कुमार ने भी डेटा प्रबंधन और तकनीकी सहयोग में अहम भूमिका निभाई.
जिले के लिए गर्व का पल
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि केवल सरकारी कार्य पूरा होने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिले की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, सामूहिक प्रयास और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है. पूरे जिले के लिए यह गर्व और सम्मान का क्षण माना जा रहा है.
