सत्यापन कार्य में किसी भी स्थिति में सही लाभुक वंचित न हो : बीडीओ

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस में सर्वेक्षित परिवारों के शत प्रतिशत सत्यापन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है.

आवास प्लस सत्यापन को लेकर प्रशासन सख्त, कोपरिया एवं मोबारकपुर में निरीक्षण करने पहुंचे बीडीओ

सलखुआ. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस में सर्वेक्षित परिवारों के शत प्रतिशत सत्यापन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. इसी कड़ी में प्रखंड विकास पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने कोपरिया एवं मोबारकपुर पंचायत पहुंचकर किये जा रहे सत्यापन कार्यों की गहन जांच की. निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने आवास प्लस सूची में शामिल लाभार्थियों के दस्तावेजों, भौतिक स्थिति एवं स्थल सत्यापन की बारीकी से समीक्षा की. उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित कर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाये, ताकि वास्तविक पात्र परिवारों को ही योजना का लाभ मिल सके.

आवास सर्वे के दौरान प्रखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास वेरीफिकेशन का कार्य चेकर द्वारा जारी है, जो 15 जनवरी तक चलेगा. विशेषकर विकास मित्र को निर्देशित किया गया है कि किसी भी स्थिति में दलित महादलित इस योजना के लाभ से वंचित न रहे. बीडीओ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब, बेघर एवं कच्चे मकान में रहने वाले परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है. इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने सत्यापन कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिये. प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे इस सघन सत्यापन अभियान से क्षेत्र के पात्र परिवारों में आवास योजना का लाभ मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है. वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सत्यापन में किसी भी अपात्र व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं मिलने दिया जायेगा और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >