SAHARSA : तीसरी बार रत्नेश सादा ने ली मंत्री पद की शपथ
विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार विधायक रहे रत्नेश सादा ने गुरुवार को गांधी मैदान पटना में मंत्री पद व गोपनीयता की शपथ ली.
सोनवर्षाराज, सहरसा से अमित राठौड़ की रिपोर्ट :
विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार विधायक रहे रत्नेश सादा ने गुरुवार को गांधी मैदान पटना में मंत्री पद व गोपनीयता की शपथ ली. अब वह तीसरी बार मंत्री पद संभालेंगे. जदयू कोटे से लगातार करीब 16 साल तक विधायक के अब तक के सफर में रत्नेश सादा 16 जून 2023 को नीतीश केबिनेट में पहली बार अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री बने. फिर 15 मार्च 2024 को इन्हें मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का मंत्री बनाया गया. अब तीसरी बार रत्नेश सादा को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. तीसरी बार मंत्री पद का सफर शुरू करने वाले रत्नेश सादा का जीवन शुरुआत में काफी संघर्षपूर्ण रहा. वर्ष 1990 से राजनीति में सक्रिय रहने के बाद कई सामाजिक व राजनीतिक कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के बाद रत्नेश सादा की राजनीतिक पहचान बनी. जिसके बाद वर्ष 2010 में सोनवर्षाराज सुरक्षित विधानसभा सीट से 31445 मतों से विजय प्राप्त कर पहली बार विधायक बने. तब से लगातार जदयू सीट से चौथी बार विधायक पद से जीत हासिल करते रहे.
काफी संघर्षपूर्ण रहा प्रारंभिक जीवन
महिषी प्रखंड क्षेत्र के कुंदह पंचायत स्थित बलिया सिमर गांव के रहने वाले मंत्री रत्नेश सादा का जीवन काफी संघर्ष पूर्ण रहा है. पिता लक्ष्मी सादा दैनिक मजदूर हुआ करते थे. खुद रत्नेश सादा परिवार के भरण पोषण के लिए परदेश में मजदूरी तक कर चुके है. कभी रिक्शा चालक के रूप में मजदूरी करने वाले रत्नेश सादा की पहचान ग्रामीण चिकित्सक के रूप में भी रही है.
महादलित समाज के नेता के रूप में रही है पहचान
संस्कृत से आनर्स रहे रत्नेश सादा की पहचान शुरू से महादलित समाज के नेता के रूप में रही है. यही वजह रही है कि सोनवर्षाराज सुरक्षित विधानसभा सीट से चार बार लगातार विधायक बने. अब फिर से तीसरी बार रत्नेश सादा के मंत्री बनने पर महादलित समाज सहित विधानसभा क्षेत्र की जनता व कार्यकर्ताओं के बीच हर्ष का माहौल है.