सहरसा. जिले में गैस उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी एवं गैस की किल्लत नहीं होने को लेकर बुधवार को जिला सूचना जनसंपर्क कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. प्रेस वार्ता में जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार ने विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिले में गैस, डीजल, पेट्रोल की कमी नहीं है. उपभोक्ताओं में यह भ्रम फैल गया है कि इराक, इजरायल युद्ध से गैस की किल्लत हो सकती है. जिसे देखते उपभोक्ता गैस के अनावश्यक भंडारण कर रहे हैं. लोग गैस गोदामों में पहुंच रहे हैं, जिससे अनावश्यक रूप से गैस वितरण में समस्या आ रही है. जिसे देखते जिला प्रशासन ने गैस गोदामों से उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने पर पूरी तरह रोक लगा दी गयी है. अब उपभोक्ताओं को उनके बुकिंग के आधार पर होम डिलीवरी की जायेगी. उपभोक्ताओं को बुकिंग के दो दिन बाद गैस उपलब्ध कराने का निर्देश जिलाधिकारी द्वारा मंगलवार की संध्या हुई बैठक में जिलाधिकारी ने दिया है. उन्होंने कहा कि बुधवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने दर्जनों गैस एजेंसी के गोदामों का जायजा लेते आदेशों का सख्ती से पालन का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को ससमय गैस उपलब्ध हो इसके लिए वरीय अधिकारियों को निगरानी का निर्देश दिया गया है. साथ ही इसके लिए नियंत्रण कक्ष एवं धावा दल का भी गठन किया गया है. जो किसी भी कालाबाजारी की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई कर रही है.
जिले में अब होम डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं को होगी गैस आपूर्ति : डीपीआरओ
उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी एवं गैस की किल्लत नहीं होने को लेकर बुधवार को जिला सूचना जनसंपर्क कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया.
