जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बुधवार को बैजनाथपुर चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 (NH-107) के अंडरपास का राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अंडरपास की सर्विस लेन गंभीर रूप से टूटी-फूटी मिली और वहां भारी जलजमाव पाया गया. इस बदतर स्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए डीएम ने अधिकारियों को अविलंब मरम्मत कार्य शुरू करने का कड़ा निर्देश दिया.
सहरसा से प्रतिनिधि की रिपोर्ट
छोटे वाहनों के फंसने से हादसे की आशंका, तत्काल सुधार के निर्देश
बैजनाथपुर चौक का यह अंडरपास क्षेत्र के यातायात के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन इसकी सर्विस लेन पर जलजमाव और गड्ढों के कारण छोटे वाहनों और दोपहिया चालकों के फंसने व दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका लगातार बनी हुई है. मौके पर मौजूद स्थिति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अभियंताओं को फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि आम जनता को आवागमन में हो रही इस फजीहत को स्वीकार नहीं किया जा सकता. विभाग तुरंत युद्धस्तर पर काम शुरू कर यहां सुरक्षित और सुगम यातायात बहाल करे.
लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ दर्ज होगी गैर-इरादतन हत्या की FIR
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान केवल निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को जेल भेजने तक की सीधी चेतावनी दे डाली.
"सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि इस जर्जर सड़क और जलजमाव के कारण कोई भी छोटी-बड़ी दुर्घटना होती है या किसी को जान-माल का नुकसान पहुंचता है, तो इसके लिए सीधे तौर पर संबंधित विभाग के अधिकारी जिम्मेदार होंगे. बैजनाथपुर थानाध्यक्ष को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि ऐसी किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध गैर-इरादतन हत्या सहित अन्य सुसंगत कानूनी धाराओं में तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए." — दीपेश कुमार, जिलाधिकारी (DM), सहरसा
समय-सीमा के अंदर सौंपनी होगी अनुपालन रिपोर्ट
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को एक निश्चित समय-सीमा के भीतर सर्विस लेन का जीर्णोद्धार करने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है. साथ ही, कार्य पूर्ण होने के बाद जिला प्रशासन को इसकी आधिकारिक अनुपालन रिपोर्ट (Compliance Report) सौंपने का भी आदेश दिया है.
इस महत्वपूर्ण स्थलीय निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त (DDC) गौरव कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) सुजीत कुमार वरणवाल, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण प्राधिकरण के वरिष्ठ पदाधिकारी, बैजनाथपुर थानाध्यक्ष सहित जिला प्रशासन और पुलिस महकमे के कई अन्य संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
