दर्दनाक हादसा : शौचालय टैंक में गिरने से मासूम की मौत

प्रखंड क्षेत्र के चकला मुसहरी में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.

दो बच्चे जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहे जंग

सलखुआ. प्रखंड क्षेत्र के चकला मुसहरी में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. खेल-खेल में हुए इस दर्दनाक घटना में एक मासूम बच्ची की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य बच्चे अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, सलखुआ मुसहरी वार्ड संख्या 11 में कुछ बच्चे शौचालय टैंक के पास खेल रहे थे. इसी दौरान अचानक टैंक का जर्जर ढक्कन टूट गया और वहां खेल रहे तीनों बच्चे सीधे टैंक के अंदर जा गिरे. घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बच्चे टैंक में समा चुके थे. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों बच्चों को बाहर निकाला और आनन-फानन में सलखुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कुंदन सादा की पांच वर्षीय पुत्री स्वीटी कुमारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं लूसी सदा के पुत्र गौतम कुमार और भारत सादा के छह वर्षीय पुत्र विशाल कुमार का इलाज जारी है. दोनों बच्चों की हालत पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल भेज दिया गया. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में मौजूद खुले और जर्जर शौचालय टैंकों की अविलंब जांच कर उन्हें सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके..

लापरवाही बनी हादसे की वजह

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित शौचालय टैंक का ढक्कन पहले से ही क्षतिग्रस्त था, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं करायी गयी. यदि समय रहते इस ओर ध्यान दिया जाता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था. यह घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गंभीर तस्वीर भी पेश करती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >