सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर से आयुष कुमार की रिपोर्ट.
Bihar Rail News : खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और लंबित परियोजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सांसद राजेश वर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत मांग पत्र सौंपा. रेल मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया.
सहरसा-मानसी रेल दोहरीकरण पर जोर
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा सहरसा-मानसी रेलखंड के दोहरीकरण का रहा. सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि कोसी क्षेत्र की यह रेल लाइन यात्रियों और माल परिवहन दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. बढ़ते यात्री दबाव और माल ढुलाई की जरूरतों को देखते हुए इस रेलखंड का दोहरीकरण समय की मांग बन गया है.
रेल मंत्री ने परियोजना के महत्व को स्वीकार करते हुए इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया.
नई रेल लाइन से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
सांसद ने बिहारीगंज-आलमनगर-बेलदौर-मानसी नई रेल लाइन परियोजना को भी प्राथमिकता देने की मांग की. उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण पूरा होने के बावजूद परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी है.
इस रेल लाइन के निर्माण से बेलदौर समेत पूरे इलाके के लाखों लोगों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा. इससे शिक्षा, रोजगार, व्यापार और आवागमन की नई संभावनाएं खुलेंगी तथा क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी.
आरओबी निर्माण में तेजी लाने की मांग
बैठक के दौरान महेशखूंट स्टेशन, मानसी स्टेशन के पश्चिमी रेलवे फाटक और हसनपुर चीनी मिल रामपुर के समीप स्वीकृत रेल ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया.
सांसद ने इन परियोजनाओं के लिए जल्द टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की. उनका कहना था कि इन आरओबी के निर्माण से वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत मिलेगी और सड़क एवं रेल यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा.
खगड़िया-कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना पर भी चर्चा
खगड़िया-कुशेश्वरस्थान रेलवे परियोजना की प्रगति को लेकर भी सांसद ने रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया.
रेल मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने और परियोजना को गति प्रदान करने का आश्वासन दिया.
सिमरीबख्तियारपुर में वैशाली एक्सप्रेस ठहराव की मांग
सहरसा जिले के सिमरीबख्तियारपुर स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस या अन्य प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग भी बैठक में प्रमुखता से उठाई गई.
यह मांग लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा की जाती रही है. सांसद ने कहा कि ठहराव मिलने से हजारों यात्रियों को सीधा लाभ होगा. रेल मंत्री ने इस विषय पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उचित समाधान का भरोसा दिया.
क्षेत्रीय विकास की आधारशिला हैं ये परियोजनाएं
बैठक के बाद सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि रेल संपर्क किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार होता है. मानसी-सहरसा दोहरीकरण, बिहारीगंज-आलमनगर-बेलदौर-मानसी नई रेल लाइन, विभिन्न आरओबी और खगड़िया-कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना क्षेत्र के विकास की आधारशिला साबित होंगी.
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से यातायात सुगम होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार के हजारों शिक्षकों के लिए गुड न्यूज, सरकार ने जारी किए 999.84 करोड़, जल्द होगा बकाया भुगतान
बिहार में ऐसे वाहन मालिक हो जाएं सावधान, शुरू होगा राज्यव्यापी अभियान, एक्शन की तैयारी
