खगड़िया जिला के गोगरी थाना क्षेत्र के बरीमलिया गांव निवासी सुधाकर कुमार की लूटी मोटरसाइकिल
सौरबाजार : 3थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर पुलिस शिविर के सबैला चौक के समीप मंगलवार की देर शाम नकाबपोश अपराधियों ने शस्त्र का भय दिखा कर स्वराज ट्रैक्टर कंपनी के कर्मी की ग्लैमर बाइक लूट ली. बैजनाथपुर पुलिस शिविर के प्रभारी शंभुनाथ सिंह को खगड़िया जिला के गोगरी थाना क्षेत्र के बरीमलिया गांव निवासी पीड़ित सुधाकर कुमार ने दिये आवेदन में बताया है कि मधेपुरा से लौटने के क्रम में सबैला चौक के समीप पूर्व से घात लगाकर तीन की संख्या में नकाबपोश अपराधियों ने शस्त्र का भय दिखाकर मुझे रोक लिया और मेरी बाइक लूट ली. तीनों उसी पर सवार होकर फरार हो गये. पीड़ित ने कहा है
कि मेरी बाइक का नंबर बीआर 43 के – 6870 है व काला तथा ब्लू रंग की थी. घटना के संबंध में शिविर प्रभारी श्री सिंह ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति मधेपुरा से वापस लौट कर अपने ससुर डॉ के बी चौरसिया के सौर बाजार पीएचसी परिसर स्थित आवास पर जा रहे थे. मामले की छानबीन की जा रही है. शिविर में पदस्थापित सभी पदाधिकारियों को संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी के लिए लगाया गया है. बहुत जल्द ही उद्भेदन होने की संभावना है.
