पुरबिया एक्सप्रेस से 27 बोतल शराब जब्त

कार्रवाई. तस्करी में प्रयुक्त दो बाइक, दो मोबाइल के साथ तीन गिरफ्तार बख्तियारपुर पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि दिल्ली से सहरसा जा रही 15280 नयी दिल्ली-सहरसा पुरबिया एक्सप्रेस से गुप्त सूचना के आधार पर भारी मात्रा में शराब बरामद किया है. सिमरी बख्तियारपुर : मिली जानकारी के अनुसार बख्तियारपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली […]

कार्रवाई. तस्करी में प्रयुक्त दो बाइक, दो मोबाइल के साथ तीन गिरफ्तार

बख्तियारपुर पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि दिल्ली से सहरसा जा रही 15280 नयी दिल्ली-सहरसा पुरबिया एक्सप्रेस से गुप्त सूचना के आधार पर भारी मात्रा में शराब बरामद किया है.
सिमरी बख्तियारपुर : मिली जानकारी के अनुसार बख्तियारपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आदर्श नगर दिल्ली से आने वाली पुरबिया एक्सप्रेस ट्रेन से कुछ लोग भारी मात्रा मे शराब ला रहे हैं. अवैध शराब की खेप लाने की सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ ने विशेष टीम गठित कर छापामारी की तैयारी शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि मंगलवार की देर रात जैसे ही पुरबिया एक्सप्रेस सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन आयी.
पहले से तैनात पुलिस की विशेष टीम ने छापामारी शुरू कर दी. छापामारी के दौरान पुलिस को शराब से भरा हुआ दो ट्रॉली बैग मिला. जिसमें विदेशी शराब की 750 एमएल की 27 बोतलें थी. पुलिस ने मौके से ही तीन लोगों भी गिरफ्तार किया है. सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ अजय नारायण यादव ने बताया कि शराब तस्करों से पूछताछ के बाद एक हीरो ग्लैमर और हीराे स्प्लेंडर आइ स्मार्ट बाइक और दो मोबाइल भी बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि शराब तस्करी के मामले में पुलिस ने सलखुआ थाना क्षेत्र के गोसपुर निवासी घनश्याम यादव, रामकुमार यादव, और पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया है.
उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई के लिए बख्तियारपुर सर्किल पुलिस की एक विशेष टीम बख्तियारपुर थानाध्यक्ष उमाशंकर कामत के नेतृत्व गठित की गई. जिसमें सलखुआ थानाध्यक्ष तरुण कुमार तरूणेश, बनमा ओपीध्यक्ष जितेन्द्र सहनी, बख्तियारपुर पुलिस के एसआइ मिथिलेश कुमार सिह, राजेन्द्र प्रसाद सिह व डीएसपी के अंगरक्षक विनोद कुमार शामिल थे.
बरामद शराब और गिरफ्तार तीनों युवकों के साथ एसडीपीओ.
रिजर्वेशन कर लाते हैं शराब
शराब तस्करी में शामिल लोग ट्रेनों में बकायदा रिजर्वेशन कर सामान के साथ शराब को छिपा कर ले आते हैं. ट्रेन जब सिमरी बख्तियारपुर या सहरसा पहुंचती है तो ट्रेन की पिछले बोगी से चुपचाप उतर जाते हैं. शराब के पूरी तरह आदी लोगों द्वारा इसके लिए मुंहमांगी कीमत चुकायी जा रही है. जानकारी के मुताबिक शराब की तस्करी में शहर की कई महिलाएं भी शामिल हैं. जो बच्चों के साथ ट्रेन में शराब से भरे बैग को लेकर सफर कर रही हैं.
पुलिस की नजर में हैं कुछ लोग
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शराब के इस खेल में शहर के कई माफिया शामिल हैं. हालांकि इन लोगों का पूर्व में कभी शराब से जुड़ा व्यवसाय नहीं रहा है. इसके बावजूद लालच में लोग शराब के दलदल में फंसते जा रहे हैं. सूत्रों से मिली जानकारी मुताबिक, सिमरी
बख्तियारपुर के कुछ बड़े व्यापारियों पर पुलिस की नजर है. इसके अलावा इन लोगों के संपर्क में और भी कई लोग हैं जो पुराने व पारंपरिक व्यवसाय को छोड़ शराब की कालाबाजारी में शामिल हो रहे हैं. शाम के वक्त इन लोगों के द्वारा भरोसेमंद ग्राहकों को ऑन स्पॉट डिलिवरी भी दी जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >