पूर्णिया के केनगर से मो. शहजादा हसन की रिपोर्ट
Purnia Road Accident: पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में टेम्पू सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा पूर्णिया-धमदाहा स्टेट हाईवे पर काझा कोठी के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे टेम्पू को जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी. चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रहे टेम्पू से सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पू के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
मौके पर हुई मौत, चार लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में काझा कोठी हाटबाड़ी निवासी 42 वर्षीय ज्ञानेंद्र कुमार उर्फ लक्ष्मण राम की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी.
टेम्पू में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें दो घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. सभी घायलों को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की. सूचना मिलते ही केनगर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई.
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
Purnia Road Accident: पुलिस ने शुरू की जांच
केनगर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और टेम्पू को जब्त कर लिया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें: बदले गए पटना, गया समेत बिहार के 13 जिलों के SP, जानिए आपके जिले का नया पुलिस कप्तान कौन
