पूर्णिया में सीएनजी ऑटो पलटा, एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल

Purnia Road Accident: पूर्णिया के भवानीपुर में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मधेपुरा से आ रहा सीएनजी ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे पलट गया, जिसमें एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.

Purnia Road Accident: पूर्णिया के भवानीपुर से इंदेश्वरी यादव की रिपोर्ट. पूर्णिया जिले के भवानीपुर-मंजोरा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र स्थित करामा गांव से रिजर्व सीएनजी ऑटो पर सवार होकर आ रहे एक ही परिवार के चार सदस्य दुर्घटना का शिकार हो गये. चाय टोला के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर पुल के नीचे पलट गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गयी. सभी घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

पुल के नीचे पलट गया ऑटो

जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब 9 बजे हुआ. सीएनजी ऑटो भवानीपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान चाय टोला के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क किनारे पुल के नीचे पलट गया.

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने तुरंत बलिया थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गये थे.

पुलिस और ग्रामीणों ने बचायी जान

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. चालक राजीव कुमार, एसआई कमलेश कुमार, पुलिस बल मुकेश कुमार और खोखा शर्मा ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला.

इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर भेजा गया. वहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार शुरू किया.

एक का पैर टूटा, दूसरे के सिर में गंभीर चोट

घायलों की पहचान करामा गांव निवासी दिलीप आचार्य, उनकी पत्नी महारानी देवी, कृष्णकांत आचार्य और प्रिया कुमारी के रूप में हुई है.

इलाज कर रहे चिकित्सकों के अनुसार दिलीप आचार्य का पैर टूट गया है, जबकि महारानी देवी का हाथ फ्रैक्चर हो गया. वहीं कृष्णकांत आचार्य और प्रिया कुमारी के सिर में गंभीर चोटें आयी हैं. दोनों के सिर में कई टांके लगाए गये हैं.

सभी को जीएमसीएच पूर्णिया किया गया रेफर

सीएचसी भवानीपुर में चिकित्सा पदाधिकारी S. K. Chaudhary और Sneha Kumari की देखरेख में सभी घायलों का इलाज किया गया. हालत गंभीर देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया गया.

घटना के बाद परिवार और गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गयी है.

Also Read: शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: बक्सर के सरकारी स्कूलों पर डिजिटल शिकंजा, बेस्ट ऐप से शुरू होगा मॉनिटरिंग सिस्टम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >