पूर्णिया. राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत–राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अंतर्गत "विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन" एवं "खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, प्रधानमंत्री जी के साथ" का जिला स्तरीय कार्यक्रम पूर्णिया कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई की ओर से आयोजित किया गया. कार्यक्रम प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. सावित्री सिंह के मार्गदर्शन में हुआ, जिसकी अध्यक्षता कॉलेज के परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमन गुंजन ने की.
लक्ष्यगीत के साथ कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्यगीत के साथ हुई. स्वागत भाषण देते हुए सीए प्रो. राजेश एस. झा ने अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया. उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की. उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण के संबंध में भी जानकारी दी.
प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया. प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों से जोड़ने और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. उन्होंने "खेलेगा इंडिया, तभी खिलेगा इंडिया" की भावना को आगे बढ़ाते हुए खेलों को स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया.
प्रधानमंत्री ने युवाओं को पारंपरिक खेलों के साथ नए एवं उभरते खेलों, विशेषकर ट्रैकिंग और जल क्रीड़ा जैसे खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि भारत में विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के लिए जनसांख्यिकीय और भौगोलिक विविधता मौजूद है. युवाओं से खेल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा फिट इंडिया की भावना को मजबूत करने की अपील की गयी.
युवा संवाद में खेल और राष्ट्र निर्माण पर चर्चा
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किया गया. इसमें खेल, खेल अवसंरचना, भारत के विकसित होते खेल परिवेश और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा हुई. युवाओं को अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिला.
डॉ. रमन गुंजन ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्रीय सेवा योजना से जोड़कर सामाजिक कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया.
राष्ट्रीय खिलाड़ी के प्रतिनिधि ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी आर्यन तेजस के प्रतिनिधि के रूप में उनके पिता अमरेन्द्र कुमार उपस्थित रहे. उनकी उपस्थिति से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिली.
नशामुक्त भारत की दिलायी गयी शपथ
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभाव और नशामुक्त भारत के निर्माण को लेकर भी विशेष संदेश दिया गया. प्रधानमंत्री के संबोधन से प्रेरित होकर कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली.
स्वयंसेवकों ने निभायी सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम का मंच संचालन सूची कुमारी ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक चंद्रकांत कुमार, धनंजय कुमार, मुस्कान कुमारी सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभायी. कॉलेज के विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कंचन कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम के दौरान पूर्णिया कॉलेज परिसर में युवाओं में खेल, फिटनेस, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला. जिला स्तरीय कार्यक्रम ने युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका का संदेश दिया.
