पूर्णिया : दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों एवं कार्यकर्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी और विभिन्न छात्र संगठनों के आह्वान पर पूर्णिया में निकाला गया पैदल मार्च हिंसक हो गया. कलेक्ट्रेट के समीप आरएन साह चौक पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखा टकराव हुआ. मौके पर पथराव के बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया.
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए. प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. उनकी मांग थी कि जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें.
बैरिकेडिंग तोड़ी, कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने का प्रयास
प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को प्रदर्शनकारियों ने धक्का देकर गिरा दिया और कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने का प्रयास किया. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
आरएन साह चौक पर पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
कलेक्ट्रेट के समीप आरएन साह चौक पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच स्थिति और बिगड़ गई. मौके पर पथराव की घटना हुई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया. पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
कलेक्ट्रेट गेट बंद, गिरफ्तारी के लिए लगाई गईं बसें
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद करा दिया. परिसर और आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. संभावित गिरफ्तारी के लिए कई बसें भी पहले से मौके पर लगा दी गई थीं.
डीएम और एसएसपी मौके पर, हालात पर नजर
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभालते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए. पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
फिलहाल प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है.
