अमौर (पूर्णिया) . जिले के अमौर प्रखंड के भवानीपुर पंचायत के वार्ड संख्या-7 निवासी एक दिव्यांग व्यक्ति के बैंक खाते में अचानक 740 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. यह मामला उस समय सामने आया, जब वह अपनी पेंशन की राशि निकालने के लिए ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पहुंचे थे. जानकारी के अनुसार, नूर आलम (पिता-स्वर्गीय मोहम्मद जलाल) शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं और बेहद गरीब परिवार से आते हैं. वह अमौर और आसपास के क्षेत्रों में मांगकर किसी तरह अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. शनिवार को वह सरकारी पेंशन के 1100 रुपये निकालने के लिए स्थानीय सीएसपी पहुंचे थे.
बैलेंस देखकर उड़ गए होश
सीएसपी संचालक जहांगीर आलम ने बताया कि 1100 रुपये की निकासी के बाद जब खाते का शेष बैलेंस देखा गया तो स्क्रीन पर 7,406,872,895.78 रुपये (करीब 740 करोड़ 68 लाख रुपये) दिखाई दिए. बैलेंस पर्ची देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए.
बैंक शाखा ही करेगी पुष्टि
सीएसपी संचालक जहांगीर आलम ने कहा कि कंप्यूटर स्क्रीन पर इतना बड़ा बैलेंस दिखाई दिया, लेकिन इसकी पुष्टि संबंधित बैंक की मुख्य शाखा से ही हो सकेगी. उन्होंने बताया कि कई बार सर्वर या तकनीकी गड़बड़ी के कारण भी गलत बैलेंस प्रदर्शित हो सकता है. इसलिए बैंक के आधिकारिक सत्यापन के बिना इसे वास्तविक राशि नहीं माना जा सकता.
गांव में चर्चा का विषय बना मामला
घटना की जानकारी मिलते ही नूर आलम के घर पर लोगों की भीड़ जुटने लगी. ग्रामीण यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर एक गरीब और दिव्यांग व्यक्ति के खाते में इतनी बड़ी राशि कैसे दिखाई दी. स्थानीय लोगों का भी मानना है कि यह मामला तकनीकी गड़बड़ी का हो सकता है, जिसकी वास्तविक स्थिति बैंक की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
