प्रतिनिधि,बनमनखी. महर्षि मेंही संतमत सत्संग आश्रम के प्रतिनिधिमंडल ने समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योतिष प्रकाश मिश्रा को एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से अखिल भारतीय संतमत सत्संग के 114वें वार्षिक महाधिवेशन को लेकर रेलवे से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई.अखिल भारतीय संतमत सत्संग के प्रचार-प्रसार प्रमुख शिव शंकर तिवारी एवं सुनील कुमार यादव ने बताया कि इस वर्ष 114वां वार्षिक महाधिवेशन संत सतगुरु महर्षि मेंही महाराज की पावन जन्मस्थली सिकलीगढ़ धरहरा बनमनखी में आयोजित किया जा रहा है. 21, 22 एवं 23 फरवरी को आयोजित इस महाधिवेशन में देश-विदेश से लगभग 10 लाख संतमत श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. महाधिवेशन के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, हेल्प डेस्क, स्वास्थ्य सुविधा, शौचालय, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग डीआरएम से की गई.इसके साथ ही श्री तिवारी ने रेलवे स्टेशन पर महर्षि मेंही पुस्तकालय की स्थापना एवं कटिहार तक जाने के लिए एक जोड़ी अतिरिक्त ट्रेन चलाने की भी मांग रखी.इस अवसर पर महर्षि मेंही संतमत सत्संग आश्रम के संत स्वामी अनमोलानंद जी महाराज, प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद रजक, अधिवेशन मंत्री नितेश जायसवाल, संतोष चौरसिया, शशि शेखर कुमार, इंजीनियर चंद्रकेतु रमन, विशाल कुमार, गुड्डू चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
वार्षिक महाधिवेशन को लेकर महर्षि मेंही संतमत सत्संग आश्रम ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन
बनमनखी.
