अमौर नगर पंचायत की योजनाओं में वित्तीय अनियमितता पर सामान्य बोर्ड की बैठक हंगामेदार

अमौर

प्रतिनिधि, अमौर. अमौर नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में सोमवार को आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक भारी हंगामे की भेंट चढ़ गई.यह बैठक कार्यपालक पदाधिकारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व और मुख्य पार्षद दिलआरा बेगम की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी, जिसमें उपमुख्य पार्षद सकीना समेत सभी वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया. बैठक में क्षेत्रीय विधायक अख्तरुल इमान मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित थे.बैठक की शुरुआत सर्वप्रथम पिछली बैठक में पारित किए गए प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की संपुष्टि के साथ की गई. इसके तुरंत बाद जैसे ही सदन की मुख्य कार्यवाही शुरू हुई, वार्ड पार्षदों ने नगर पंचायत के वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. पार्षदों ने पिछले कुछ समय में नगर पंचायत द्वारा किए गए कुल खर्चों का पूरा ब्यौरा आय-व्यय का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की. पार्षदों का यह भी कहना था कि उन्होंने लिखित पत्र देकर वर्तमान कार्यपालक पदाधिकारी से आय-व्यय का ब्यौरा मांगा था, लेकिन बैठक शुरू होने तक उन्हें यह उपलब्ध नहीं कराया गया.पार्षदों ने चेतावनी दी कि जब तक आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा सदन के पटल पर नहीं रखा जाता, तब तक वे किसी भी अन्य नए एजेंडे पर चर्चा नहीं करेंगे और न ही किसी प्रस्ताव को अपनी सहमति देंगे. इस बैठक में मुख्य रूप से मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शाहनवाज आलम, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि एकराम राही, वार्ड पार्षद खुशबू आरा, अंजुमन आरा, मो. मुस्लिम, शाहीन परवीन, जीनत परवीन, जूली बेगम, जुलेखा, मोहम्मद दिलशाद, ऐतुन, मोहम्मद सरबुल उपस्थित थे. इसके अलावा स्थानीय नागरिकों और प्रतिनिधियों में मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद इफ्तिखार, मो. आहत, मो. रेहान, मो. रहीम, मो. नाजिम, मो. मुनाजिर, मिनहाज और मो. नशीम आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे. विधायक के हस्तक्षेप से लागत से चार गुना अधिक भुगतान का खुलासा सदन में गतिरोध बढ़ता देख क्षेत्रीय विधायक अख्तरुल इमान ने हस्तक्षेप किया.उनकी पहल पर जब पूर्व में संचालित विभिन्न योजनाओं के खर्च का ब्यौरा सदन के पटल पर रखा गया, तो उसे देखकर सभी वार्ड पार्षद और उपस्थित लोग आश्चर्यचकित रह गए. ब्यौरे से साफ हुआ कि कई योजनाओं में उनकी वास्तविक लागत राशि से चौगुना अधिक का भुगतान कराया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक अख्तरुल इमान ने कड़ा रुख अपनाया और कहा कि इन सभी संदिग्ध योजनाओं की उच्च स्तरीय जांच करायी जाएगी . जो भी अधिकारी या कर्मी इसमें दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लायी जाएगी. 10 में से केवल चार एजेंडों पर बनी सहमति, छह खारिज बैठक के दौरान कुल 10 एजेंडों पर विस्तृत चर्चा होनी थी, लेकिन वित्तीय असंतोष के कारण वार्ड पार्षदों ने 06 एजेंडों को पूरी तरह से खारिजकर दिया. हालांकि, जनहित और नगर के विकास से जुड़े 04 मुख्य प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई, जिन्हें मुख्य पार्षद ने विधिवत पारित घोषित किया . बकरीद के अवसर पर पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाना,नगर पंचायत अमौर के अंतर्गत आने वाले सभी 12 वार्डों में पूर्व में लिए गए प्रस्तावों के आधार पर स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रशासनिक स्वीकृति,अमौर नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में प्रस्तावित टेंडर योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करना,विभागीय आदेशानुसार नगर पंचायत क्षेत्र में *राजस्व संग्रहण को सुचारू रूप से चलाने के लिए बाहरी एजेंसी बहाल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी. बिना भेदभाव के होगा चौमुखी विकास : मुख्य पार्षद प्रस्तावों के पारित होने के बाद मुख्य पार्षद दिलआरा बेगम ने कहा कि जो भी योजनाएं और प्रस्ताव पारित किए गए हैं, वे पूरी तरह से आम नागरिकों की आशाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप हैं. उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर पंचायत प्रशासन बिना किसी भेदभाव या राजनीतिक द्वेष के सभी 12 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यकाल पर उठे गंभीर सवाल वार्ड पार्षदों ने पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार के कार्यकाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके समय में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में घोर लापरवाही और वित्तीय अनियमितता बरती गई है. पार्षदों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए पूछा, वार्ड पार्षदों की बिना सहमति और जानकारी के इन योजनाओं को कैसे स्वीकृति दी गई और इन्हें कैसे धरातल पर उतारा गया. यह पार्षदों के साथ सीधा धोखा है और योजनाओं के नाम पर सरकारी धन की भारी लूट-खसोट की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >