राजकीय सम्मान के साथ मनाया गया धमदाहा शहादत दिवस, भावुक हुए स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन

पूर्णिया के धमदाहा में 25 अगस्त 1942 के अमर शहीदों की याद में राजकीय शहादत दिवस मनाया गया. मंत्री लेशी सिंह ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया. इस अवसर पर 35 भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चे भी वितरित किए गए.

पूर्णिया/धमदाहा. 25 अगस्त 1942 के अमर शहीदों की स्मृति में धमदाहा प्रखंड मुख्यालय में शहादत दिवस पर राजकीय समारोह आयोजित किया गया. भवन निर्माण मंत्री सह स्थानीय विधायक लेशी सिंह ने शहीद स्मारक पहुंचकर 15 अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किया और मुख्य समारोह का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया. समारोह में शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित करने के साथ 35 भूमिहीन परिवारों के बीच वासगीत पर्चा भी वितरित किया गया.

शहीद स्मारक पर मंत्री ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

समारोह से पहले मंत्री लेशी सिंह शहीद स्मारक समिति के सदस्यों के साथ शहीद स्मारक स्थल पहुंचीं. उन्होंने 15 अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया. इसके बाद मंत्री लेशी सिंह और जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर तिरंगा फहराया.

मंत्री ने कहा कि धमदाहा की धरती वीरता और बलिदान की धरती है. यहां के 15 अमर शहीदों ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया. उनकी शहादत धमदाहा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है.

सामाजिक एकता और सौहार्द के प्रतीक हैं अमर शहीद

लेशी सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में समाज के सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर अंग्रेजी हुकूमत का मुकाबला किया. 15 अमर शहीद सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक हैं. उनके बलिदान में विभिन्न वर्गों और समुदायों की साझी भागीदारी दिखाई देती है.

उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत किया जाए. शहीदों की शहादत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है.

देशभक्ति नारों के साथ निकली प्रभात फेरी

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्र-छात्राओं की प्रभात फेरी से हुई. देशभक्ति के नारों के साथ शहर की मुख्य सड़कों से गुजरती हुई प्रभात फेरी शहीद स्मारक स्थल पहुंची. इसके बाद क्रीड़ा मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया गया.

दीप प्रज्वलन मंत्री लेशी सिंह, जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार, एसडीओ धमदाहा अनुपम, एडीएम पूर्णिया, नगर परिषद धमदाहा की मुख्य पार्षद रानी देवी, उप मुख्य पार्षद मीना कुमारी एवं प्रखंड प्रमुख केंदुला देवी ने संयुक्त रूप से किया.

शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन हुए सम्मानित

समारोह में मंत्री लेशी सिंह ने अमर शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को चादर और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया. धमदाहा एवं केनगर प्रखंड के स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को भी सम्मानित किया गया. सम्मान के दौरान कई परिजन भावुक हो उठे और आयोजन के लिए मंत्री के प्रति आभार जताया.

पूरे बिहार के लिए गौरव की धरती है धमदाहा

जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि 15 शहीदों की यह धरती पूरे बिहार के लिए गौरव की धरती है. इन शहीदों की कुर्बानी को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके सपनों का भारत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शहीद परिवारों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है.

फोटो - शहीद के परिजन को सम्मानित करते मंत्री लेशी सिंह | Prabhat Khabar Network

शहीद स्मारक पर हुई सर्वधर्म प्रार्थना सभा

शहीद स्मारक स्थल पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया. इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर परिषद के वार्ड पार्षद, शहीद स्मारक संरक्षण समिति के सदस्य, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए.

35 भूमिहीन परिवारों को मिला वासगीत पर्चा

शहादत दिवस के अवसर पर प्रखंड कार्यालय स्थित सामुदायिक भवन में कार्यक्रम आयोजित कर 35 भूमिहीन परिवारों के बीच वासगीत पर्चा वितरित किया गया. मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार गरीब और भूमिहीन परिवारों को बसेरा उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दे रही है. वासगीत पर्चा मिलने से इन परिवारों को घर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी.

शहीदों की विरासत को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि

मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश को आजादी दिलाई. उनके बलिदान से मिली स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. सभी वर्गों की समान रूप से सेवा और धमदाहा के समग्र विकास को प्राथमिकता देने की बात भी उन्होंने कही.








प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरुण कुमार

अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >