नेपाल में जलप्रलय के बाद रूपौली में कारी कोसी का तांडव, तटवर्ती गांवों में फैला बाढ़ का

नेपाल में जलप्रलय के बाद पूर्णिया के रूपौली प्रखंड में कारी कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से आठ पंचायतों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

रूपौली (पूर्णिया) : नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद पूर्णिया के रूपौली प्रखंड में कारी कोसी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है. नदी के बढ़ते पानी से प्रखंड के नया टोला टोपरा और बिंद टोला समेत तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है. अचानक बढ़े जलस्तर से ग्रामीणों में हड़कंप मचा है. ग्रामीणों के अनुसार, बीती रात से नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है और लोग अपने घरों व आसपास के इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

भौवाप्रबल पंचायत के नया टोला टोपरा में घर में घुसा पानी   | Prabhat Khabar Network

आठ पंचायतों पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

कारी कोसी के जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो रूपौली प्रखंड की आठ पंचायतें सीधे प्रभावित हो सकती हैं. इनमें कोयली सिमरा पूरब, कोयली सिमरा पश्चिम, भौवा प्रबल, विजय लालगंज, विजय मोहनपुर, धूसर टीकापट्टी, लक्ष्मीपुर छर्रापट्टी और गोडियरपट्टी श्रीमत्ता पंचायत शामिल हैं. इन पंचायतों के नदी किनारे बसे गांवों में लोगों की चिंता बढ़ गई है.

कुर्सेला में लाल निशान पार, ग्रामीणों में बेचैनी

उधर, कुर्सेला में कोसी नदी के लाल निशान पार करने की सूचना से नदी किनारे बसे लोगों में भी बेचैनी बढ़ गई है. ग्रामीण सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की तलाश कर रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मवेशियों और जरूरी सामान को वहां पहुंचाया जा सके. जानकारी के अनुसार, रात से दोपहर तक कुर्सेला में नदी के जलस्तर में करीब 6 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई.

नदी के जलस्तर में वृद्धि से भौवा प्रबल पंचायत में फैला पानी  | Prabhat Khabar Network

प्रशासन ने शुरू की निगरानी, जनप्रतिनिधि भी सक्रिय

नेपाल में आई बाढ़ के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम, जिला आपदा प्रभारी संजय कुमार सिंह और अंचलाधिकारी शिवानी सुरभि ने रूपौली प्रखंड के भौवाप्रबल, विजय मोहनपुर, अंझरी, भौवा, विजय लालगंज समेत विभिन्न प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की और ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव तथा आपदा की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी.

फिलहाल प्रशासन की टीम नदी के जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है. ग्रामीणों में आशंका है कि यदि पानी का बढ़ना जारी रहा तो आने वाले समय में बाढ़ का दायरा और बढ़ सकता है.

नदी के जलस्तर में वृद्धि से भौवा प्रबल पंचायत में फैला पानी  | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया की खबरों को पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार सिंह

विजय कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. रुपौली (पूर्णिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >