दूर हुई चिंता, रोजाना सैकड़ों परीक्षार्थियों को मिल रहा मुफ्त भोजन
मैट्रिक परीक्षार्थियों के लिए सांसद पप्पू यादव ने की अनूठी पहल
पूर्णिया. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा देने पूर्णिया पहुंचे दूर-दराज के छात्रों के लिए पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव ने सराहनीय पहल करते हुए अपने आवास अर्जुन भवन में निःशुल्क रात्रि भोजन की व्यवस्था शुरू कर की है. इस व्यवस्था का लाभ प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं उठा रहे हैं, जिससे उन्हें भोजन की चिंता से मुक्ति मिल रही है और वे पूरी तरह अपनी पढ़ाई व परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं. इस बाबत सांसद पप्पू यादव ने कहा कि परीक्षा देने आये सभी छात्र उनके अपने बच्चे हैं और उनका भविष्य ही देश और समाज की असली पूंजी है. उन्होंने बताया कि कई विद्यार्थी दिन भर परीक्षा देने के बाद रात में भोजन बनाने में समय लगाते थे, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी. इसी समस्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि अर्जुन भवन में उनके लिए निःशुल्क रात्रि भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना किसी चिंता के पढ़ाई कर सकें और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें. सांसद पप्पू यादव ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी मैट्रिक और इंटर परीक्षार्थियों के लिए यह पहल जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि समाज की जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चों के सपनों को मजबूत करे, क्योंकि यही विद्यार्थी आने वाले समय में देश और बिहार के विकास की मजबूत नींव साबित होंगे. इस व्यवस्था का संचालन सांसद के निजी सचिव अजय जायसवाल की देखरेख में किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस पहल से छात्रों को काफी राहत मिली है और वे अब भोजन की चिंता छोड़कर पूरी तरह अपनी तैयारी में जुट पा रहे हैं. गौरतलब है कि पिछले दिनों जब यह जानकारी सामने आयी थी कि बाहर से आये कई परीक्षार्थियों को भोजन और रहने में कठिनाई हो रही है, तब सांसद ने तुरंत संज्ञान लेते हुए यह घोषणा की थी कि जिन छात्रों का परीक्षा केंद्र पूर्णिया में है, उन्हें अर्जुन भवन में निःशुल्क भोजन दिया जाएगा. इसके लिए संपर्क नंबर (97096 72634/70793 33262) भी जारी किए गए थे, ताकि जरूरतमंद छात्र सीधे इस सुविधा का लाभ उठा सकें.
अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.