बनमनखी. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 4 बेलगच्छी टोला निवासी सुनील कुमार शर्मा की पांच वर्षीया पुत्री लुसी कुमारी के लापता होने के नौ दिन बाद सकुशल बरामद होने से परिवार और इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है. जानकारी के अनुसार, बीते 20 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे बच्ची की मां चारों बच्चों को सुलाकर पास में भोज खाने चली गयी थीं. करीब आधे घंटे बाद लौटने पर लुसी घर में नहीं मिली. परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका. घटना के बाद 21 फरवरी को परिजनों ने बनमनखी थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी. तब से पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी. इसी बीच रविवार की शाम करीब 7:30 बजे धीमा गांव वार्ड 18 में मिठ्ठू चौधरी के घर के पास एक टोटो चालक ने एक बच्ची को सड़क किनारे अकेले रोते हुए देखा. चालक ने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की. इसी दौरान वायरल हुई तस्वीर से ग्रामीणों ने बच्ची की पहचान लापता लुसी कुमारी के रूप में की और उसके पिता सुनील कुमार शर्मा को सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची की पहचान की. परिजनों ने बताया कि यह उनकी वही पुत्री लुसी है, जो नौ दिन पहले घर से गायब हो गयी थी. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम को दी .सूचना मिलते ही एसडीपीओ शैलेश प्रीतम व बनमनखी थानाध्यक्ष संजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक पूछताछ करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि गायब बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है.
बनमनखी से नौ दिन से लापता बच्ची सकुशल बरामद
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 4 बेलगच्छी टोला निवासी सुनील कुमार शर्मा की पांच वर्षीया पुत्री लुसी कुमारी के लापता होने के नौ दिन बाद सकुशल बरामद होने से परिवार और इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है.
