पूर्णिया. जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने बुधवार की देर रात दालकोला चेकपोस्ट का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया. इस दौरान चेकपोस्ट पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति, वाहनों की जांच प्रक्रिया, राजस्व संग्रहण की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया गया.
24 घंटे कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेकपोस्ट पर 24 घंटे कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वाहनों की गहन जांच और दस्तावेजों के सत्यापन में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने की हिदायत दी गई. साथ ही राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया गया.
सीसीटीवी और निगरानी उपकरण हमेशा रखें चालू
डीएम और एसएसपी ने चेकपोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य निगरानी उपकरणों को हर समय कार्यशील रखने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने अवैध रूप से माल परिवहन, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस बल की सतत तैनाती सुनिश्चित करने को कहा.
लापरवाही पर होगी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई
जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि चेकपोस्ट पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया.
संबंधित विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
औचक निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने चेकपोस्ट की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुरक्षा, जांच और राजस्व संग्रहण से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया.
इसे भी पढ़ें: ‘कुछ जातियां उठा रहीं ज्यादा लाभ’, मांझी के बेटे ने की आरक्षण की समीक्षा की मांग, बोले- कोटा के अंदर कोटा जरूरी
