बनमनखी. बनमनखी मुख्यालय स्थित आदर्श सुमरित उच्च विद्यालय के प्रशाल कक्ष में मंगलवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेकानंद विवेक की अध्यक्षता में कक्षा 11वीं में नव नामांकित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों की संगोष्ठी आयोजित की गई.संगोष्ठी में बच्चों के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन में सुधार तथा विद्यालय में नियमित उपस्थिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.कार्यक्रम की शुरुआत वरीय शिक्षक अरूण कुमार साह ने अभिभावकों के स्वागत से की.शिक्षिका पूजा कुमारी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.वहीं शिक्षिका खुशबू रस्तोगी ने बच्चों को मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने की सलाह दी. प्रधानाचार्य विवेकानंद विवेक ने कहा कि शिक्षक, छात्र एवं अभिभावक संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य तीनों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है.उन्होंने कहा कि यह मंच शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक रणनीति तैयार करने का माध्यम है.संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन, उपस्थिति एवं कमजोरियों की विस्तृत जानकारी दी.साथ ही घर पर सकारात्मक एवं शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया .कार्यक्रम में अभिभावकों से सुझाव भी लिए गए तथा आपसी तालमेल मजबूत करने पर बल दिया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में रोशन कुमार रौनक, सुमन सौरभ, गौरव कुमार, कुमुद रंजन, मुकेश कुमार, अब्दुल गनी, पुरूषोत्तम कुमार, सुभाष चन्द्र रमण, धर्मेंद्र कुमार, वेदप्रकाश, प्रभाकर नारायण, शंकर कुमार झा एवं धनंजय पाठक की अहम भूमिका रही.
सुमरित उच्च विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी में छात्रों के सर्वांगीण विकास पर मंथन
बनमनखी
