अबतक 2,71,394 लोगों के जीवन प्रमाणीकरण का कार्य संपन्न पूर्णिया. जिले में सामाजिक सुरक्षा के तहत केंद्र एवं राज्य प्रायोजित वृद्धावस्था, विधवा, निःशक्तता आदि विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे लोगों के लिये जीवन प्रमाणीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है. इसके तहत सभी पेंशनधारियों के भौतिक सत्यापन का कार्य प्रखंड स्तर पर कराया जा रहा है ताकि आनेवाले समय में भी लाभुकों को पेंशन राशि प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो. इसके लिए केवाईसी के लिए 30 मई तक की तिथि निर्धारित है उक्त तिथि तक सभी पेंशनधारियों के लिए उनके जीवन प्रमाणीकरण कार्य कराना जरूरी है अन्यथा सम्बंधित व्यक्ति की पेंशन राशि बंद हो सकती है. गत वर्ष 22 दिसम्बर से शुरू हुए इस अभियान के तहत सभी प्रखंडों में डोर टू डोर लाभुकों से संपर्क कर उनका भौतिक सत्यापन का कार्य किया जा रहा है. वहीं विभिन्न इलाकों में लोगों को माईकिंग के जरिये भी सूचनायें दी जा रही है. विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में करीब सवा तीन लाख से ज्यादा पेंशनधारी लोग हैं इनमें से लगभग पौने तीन लाख लोगों का केवाईसी संपन्न करा लिया गया है जबकि करीब 60 हजार लोग अभी बाक़ी हैं. दूसरी ओर इस विशेष अभियान में 19 हजार से ज्यादा मृतकों को चिह्नित किया गया है. जिले में 750 वीएलई लगे हुए हैं कार्य पूरा करने में पूर्णिया जिले में सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशनधारियों की कुल संख्या 3,31,397 है. इन सभी के जीवन प्रमाणीकरण कार्य के लिए 750 वीएलई लगे हुए हैं. इसमें पंचायत सचिव, विकास मित्र, कार्यपालक सहायक की भी भागीदारी सुनिश्चित की गयी है. कर्मियों को पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण करवाते हुए प्रगति रिपोर्ट व जीओ टैगिंग फोटो समेत उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है. शत-प्रतिशत पेंशनधारी के जीवन प्रमाणीकरण का कार्य संपन्न हो सके इसके लिए प्रचार प्रसार भी कराए जा रहे हैं. अबतक 2,71,394 पेंशनधारियों के केवाईसी का काम संपन्न हो चुका है जबकि लगभग 60 हजार लाभुकों का बायोमेट्रिक कार्य लंबित है. इनमें से 19,279 लोगों को मृत के रूप में चिह्नित किया गया है. सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशनधारी लाभुकों की कुल संख्या – 3,31,397 जीवन प्रमाणीकरण का कार्य संपन्न – 2,71,394 बायोमेट्रिक कार्य लंबित वाले लाभुक – 60,002 चिह्नित मृतकों की कुल संख्या – 19,279 बोले अधिकारी जिले में सामाजिक सुरक्षा के तहत जितने भी पेंशनधारी जिस पेंशन योजना के लाभ से आच्छादित हैं. उनसभी के लिए इस माह की 30 तारीख तक अपना जीवन प्रमाणीकरण सम्बन्धी कार्य को पूर्ण करना जरुरी है. इसके लिए प्रखंड स्तर पर वसुधा केंद्र, वीएलई की मदद से पेंशनधारियों के जरुरी कागजात के साथ उनका भौतिक सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है. सभी लाभुक 30 मई तक यह कार्य अवश्य करवा लें ताकि उन्हें आगे भी सरकार द्वारा प्रदत्त पेंशन योजना का लाभ सुचारू रूप से मिलता रहे. अमरेश कुमार, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग
विभिन्न पेंशन योजना के 60 हजार लाभुकों का बायोमेट्रिक कार्य लंबित, 30 मई है आखिरी तिथि
30 मई है आखिरी तिथि
