परीक्षा कक्ष में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, छात्रा दो सत्र के लिए परीक्षा केंद्र से निष्कासित

पूर्णिया विश्वविद्यालय के जीएलएम कॉलेज, बनमनखी में एक छात्रा ने परीक्षा कक्ष के अंदर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. परीक्षा की गोपनीयता भंग करने के आरोप में छात्रा को दो शैक्षणिक सत्रों के लिए परीक्षा केंद्र से निष्कासित किया गया है.

पूर्णिया, बनमनखी. परीक्षा की गोपनीयता और अनुशासन को लेकर पूर्णिया विश्वविद्यालय के अधीन जीएलएम कॉलेज बनमनखी में गंभीर मामला सामने आया है. परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल से वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में एक परीक्षार्थी छात्रा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गयी है. गोरेलाल मेहता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य सह केंद्र अधीक्षक डॉ. प्रमोद भारतीय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले की जानकारी दी.

दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान बनाया वीडियो

केंद्र अधीक्षक के अनुसार घटना 9 सितंबर 2026 को दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान हुई. परीक्षा कक्ष संख्या-11 में स्नातक सेमेस्टर-4, सत्र 2024-28 की एक छात्रा ने मोबाइल फोन से परीक्षा कक्ष का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया.

वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह मामला परीक्षा केंद्र के संज्ञान में आया. देखते ही देखते वीडियो के व्यापक रूप से वायरल होने की जानकारी सामने आयी.

गंभीर अनुशासनहीनता मानकर की गयी कार्रवाई

मामले की पुष्टि के बाद केंद्र अधीक्षक ने इसे परीक्षा की गोपनीयता और अनुशासन का गंभीर उल्लंघन माना. इसके बाद छात्रा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे अगले दो शैक्षणिक सत्रों तक संबंधित परीक्षा केंद्र से निष्कासित कर दिया गया है.

11 सितंबर 2026 को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि तक छात्रा संबंधित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेगी.

विश्वविद्यालय और संबंधित कॉलेज को भेजी गयी सूचना

प्रधानाचार्य सह केंद्र अधीक्षक डॉ. प्रमोद भारतीय ने बताया कि कार्रवाई की लिखित सूचना पूर्णिया विश्वविद्यालय, संबंधित कॉलेज और छात्रा को भेज दी गयी है. उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखना केंद्र प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

परीक्षा केंद्र में मोबाइल और वीडियो रिकॉर्डिंग प्रतिबंधित

डॉ. प्रमोद भारतीय ने बताया कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग और किसी भी प्रकार की वीडियो रिकॉर्डिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है. उन्होंने कहा कि परीक्षा कक्ष में वीडियो बनाना परीक्षा की गोपनीयता का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

परीक्षा की गोपनीयता और अनुशासन पर सख्ती

परीक्षा केंद्र प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने का स्पष्ट संदेश गया है. केंद्र प्रशासन ने परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने और कदाचार की किसी भी संभावना को रोकने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक भास्कर

अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >