पूर्णियाः मक्का व्यवसायी से तीन लाख रुपये लूटकांड में दो अपराधियों को पुलिस ने धमदाहा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अपराधियों में मोहनपुर बलिया का मो इजराइल एवं भवानीपुर थाना क्षेत्र के जावे गांव का मो हारून है. उक्त जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार सत्यार्थी ने संवाददाताओं को बताया कि लूटकांड में संलिप्त अन्य दो अपराधी विलास बैठा एवं बैना फरार है.
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों से एक लाख 55 हजार रुपये नकद के अलावा लूटी गयी दो मोबाइल भी बरामद किया गया. पुलिस अधीक्षक श्री सत्यार्थी ने बताया कि 24 मई 2014 को टीकापट्टी थाना अंतर्गत मक्का व्यवसायी गोपाल भगत से अपराधियों ने तीन लाख रुपये लूट लिए थे. इस कांड के उद्भेदन के लिए धमदाहा अपर एसपी दिलनवाज अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापामारी शुरू की गयी. पुलिस टीम को इस कांड के उद्भेदन में सफलता मिली. उन्होंने कहा कि लूटकांड का सूत्रधार मो इजराइल मक्का व्यवसायी के साथ ही कुरसेला तक गया था और उसी के इशारे पर मो हारून, विलास बैठा एवं बैना ने इस पूरी घटना को अंजाम दिया.
नकली सोने की भरपाई के लिए लूटा
श्री सत्यार्थी ने बताया कि मो इजराइल एवं मो हारून ने ढ़ाई लाख रुपये देकर नकली सोने की बिस्किट को असली बता कर एक व्यापारी से खरीदा था. इस ठगी से उक्त दोनों काफी कजर्दार हो गये. इसी कर्ज के रूपये को चुकाने के लिए इस लूट की घटना को अंजाम दिया. उन्होंने कहा कि अनुसंधान के दौरान पुलिस ने नकली सोने की बिस्किट भी बरामद की है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधी हत्याकांड के सिलसिले में जेल जा चुका है.
फरार लुटेरा कुंदन यादव गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सरसी थाना कांड संख्या- 26/14 एवं 27/14 का फरार अपराधी धमदाहा थाना क्षेत्र के कुकरौन निवासी कुंदन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. वह सात मार्च 2014 को सरसी थाना क्षेत्र के निपनिया में एक लाख तीस हजार नकदी लूट में संलिप्त था. उक्त कांड में एक अपराधी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया था परंतु कुंदन यादव फरार होने में सफल हो गया था. उक्त गिरफ्तारी अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक धमदाहा दिलनवाज अहमद के अलावा पुलिस निरीक्षक शमसुद्दीन अंसारी, टीकापट्टी थानाध्यक्ष रवींद्र रवि, भवानीपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार, अकबरपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, मोहनपुर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, सरसी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मेहता एवं अनि सुशील कुमार मरांडी शामिल थे.
