Patna News : पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब हीरा इंक्लेव के बेसमेंट में कचरे के ढेर से एक युवक का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान कमला नेहरू नगर निवासी सोनू उर्फ शुक्ला के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से लापता था. अचानक शव मिलने की खबर से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और परिजनों में कोहराम मच गया.
कचरे के ढेर में मिला शव, दुकानदारों ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार, हीरा इंक्लेव के बेसमेंट में मौजूद दुकानदारों ने कचरे के बीच एक शव पड़ा देखा. शव की स्थिति संदिग्ध लगने पर तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही गांधी मैदान थानाध्यक्ष अखिलेश्वर मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की.
चार दिनों से गायब था युवक
मृतक सोनू उर्फ शुक्ला पिछले चार दिनों से लापता था. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी को लेकर तीन अगस्त को कोतवाली थाने में आवेदन भी दिया था. इसके बाद से परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे थे. शनिवार को जैसे ही बेसमेंट में शव मिलने की खबर मिली, परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सोनू के रूप में की.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
शव मिलने के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. उनका कहना है कि सोनू की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
गांधी मैदान थाना पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है. मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही, सोनू के पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है.
फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि यह हादसा था या फिर सुनियोजित हत्या.
