पटना से इसके सिंह की रिपोर्ट
Youth drowns in the Ganges : (फतुहा) पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के बांकीपुर गोरख निवासी गनौरी मिस्त्री के 18 वर्षीय पुत्र उत्तम कुमार की सोमवार को मस्ताना घाट पर गंगा नदी में डूबने से मौत हो गयी. उत्तम कुमार गंगा में स्नान करने के लिए मस्ताना घाट पहुंचा था. स्नान करने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया. घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गयी.
काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला
मिली जानकारी के अनुसार, लोगों ने बताया कि उत्तम नहाने के लिए मस्ताना घाट आया था. स्नान के दौरान वह डूबकर लापता हो गया. घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को दी गयी. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में लापता युवक की तलाश शुरू कर दी. करीब दो घंटे तक एसडीआरएफ के जवानों ने गंगा नदी में अथक प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद उत्तम कुमार को नदी से बाहर निकाला गया.
जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
इसके बाद उसे आनन-फानन में फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में मचा कोहराम उत्तम कुमार की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली, वे बदहवास हालत में फतुहा सीएचसी पहुंचे. अस्पताल पहुंचते ही परिजन उत्तम के शव को देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे. परिजनों के करुण क्रंदन से अस्पताल का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. आसपास मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयीं.
घटना के बाद बांकीपुर गोरख गांव में पसरा मातम
घर का इकलौता चिराग था उत्तम बताया जाता है कि 28 वर्षीय उत्तम कुमार अपने घर का इकलौता चिराग था. उसकी असमय मौत से परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक ओर जहां परिवार उत्तम की मौत से सदमे में है, वहीं दूसरी ओर उसके असमय चले जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.घटना के बाद से बांकीपुर गोरख गांव में भी शोक का माहौल है.
