पटना: ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, हंगामा किया

श्रीसिद्धी हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई. परिजनों ने जहां डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है, वहीं अस्पताल का कहना है कि ऑपरेशन पटना में हुआ था. मामले की जांच जारी है.

Patna News : पटना जिले के मसौढ़ी नगर के पाली रोड स्थित श्रीसिद्धी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में पथरी के ऑपरेशन के बाद मंगलवार की अहले सुबह 55 वर्षीया महिला उर्मिला देवी की मौत हो गयी. मृतका भगवानगंज थाना क्षेत्र के सरवानीचक गांव निवासी कुलदीप प्रसाद की पत्नी थीं. महिला की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया. स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया.

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत

मृतका की पुत्री संपी देवी समेत अन्य परिजनों का आरोप है कि उर्मिला देवी को शनिवार की शाम श्रीसिद्धी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम अस्पताल में ही उनकी पित्त की पथरी का ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के बाद सोमवार की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी.

परिजनों का आरोप है कि इसके बाद अस्पताल के चिकित्सक मरीज को अपने साथ पटना स्थित एक निजी अस्पताल ले गये. परिजनों के अनुसार, उक्त अस्पताल श्रीसिद्धी हॉस्पिटल से ही संबंधित है. पटना ले जाने के बाद महिला की मौत हो गयी. मंगलवार की सुबह शव को वापस मसौढ़ी स्थित श्रीसिद्धी हॉस्पिटल लाया गया.

शव पहुंचते ही परिजनों ने किया हंगामा

अस्पताल में शव पहुंचते ही परिजन आक्रोशित हो गये और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे. हंगामे के दौरान अस्पताल के चिकित्सक और कर्मियों के वहां से चले जाने की बात भी सामने आयी. इसके बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही.

डॉक्टर बोले- पटना में हुआ था ऑपरेशन

मामले में अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विजय कुमार राय ने बताया कि मरीज का ऑपरेशन पटना में हुआ था. उन्होंने यह भी कहा कि मरीज कैंसर से पीड़ित थीं. वहीं, मृतका के परिजनों का कहना है कि सोमवार की शाम मसौढ़ी स्थित श्रीसिद्धी हॉस्पिटल में ही ऑपरेशन किया गया था. चिकित्सक और परिजनों के बयानों में सामने आ रहा यह विरोधाभास मामले को गंभीर बना रहा है.

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि पैसे को लेकर मरीज के परिजनों और चिकित्सक के बीच आक्रोशपूर्ण बातचीत होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई.

जांच के बाद ही स्पष्ट होगी मौत की वजह

घटना के बाद मसौढ़ी क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, उर्मिला देवी की मौत चिकित्सकीय लापरवाही के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय कारण था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया है, जबकि अस्पताल की ओर से इससे अलग पक्ष सामने आया है. ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच से ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >