Patna News: खगौल थाना क्षेत्र के चारघरवा मोड़ पर गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता के शव को ट्रैक्टर पर रखकर ससुराल पक्ष कथित तौर पर अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहा था. सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और रास्ते में ही शव को रोक लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका की पहचान चारघरवा मोड़ निवासी जितेंद्र कुमार की 28 वर्षीय पत्नी निशा के रूप में हुई है. निशा मूल रूप से बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के दक्षिणी मंदीरी की रहने वाली थी. मृतका के पिता राजकुमार महतो ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देकर दामाद और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है.
2017 में हुई थी शादी, दो बच्चों की मां थी निशा
राजकुमार महतो ने आवेदन में बताया कि वर्ष 2017 में उनकी पुत्री की शादी जितेंद्र कुमार से हुई थी, जो राजमिस्त्री का काम करता है. उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल में निशा के साथ मारपीट की जाती थी. मृतका के दो छोटे बच्चे भी हैं. परिजनों के अनुसार पिछले कुछ महीनों से निशा से नियमित बातचीत नहीं हो पा रही थी.
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लिया
परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले बिना मायके पक्ष को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे. सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर को रोक दिया और पुलिस को बुलाया. पुलिस के पहुंचने से पहले ससुर और अन्य परिजन मौके से फरार हो गए.
पति गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मौके से पति जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है. थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव के गले पर फंदे का निशान मिला है, जिससे फांसी लगने की आशंका जताई जा रही है. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
