Patna Crime News : पटना के दानापुर दानापुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सगुना मोड़ के पास अपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के विदुपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर निवासी रमेश कुमार और बलवा निवासी आदित्य प्रकाश के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के पास से एक पिस्तौल, चार गोलियां और 20 हजार रुपये नकद बरामद किये हैं.
सगुना मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़े गये
एसडीपीओ अजीत कुमार ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सगुना मोड़ के पास दो अपराधी अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर सिटी एसपी पश्चिमी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज और पुलिस बल ने सगुना मोड़ पर छापेमारी की. इस दौरान दोनों आरोपितों को संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया.
तलाशी में हथियार और नकदी बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों की तलाशी ली. इस दौरान एक पिस्तौल, चार गोलियां और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए. पुलिस ने हथियार को जब्त कर दोनों से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रमेश कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विदुपुर थाने में एक मामला दर्ज है.
पूछताछ के बाद भेजे गये न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किस आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके साथ गिरोह में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं.
