पटना सिटी से अमिताभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
पटना सिटी. बड़ी पहाड़ी जीरो माइल स्थित यातायात थाना बाइपास का ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर को विद्यालयों में नियमित रूप से यातायात जागरूकता सत्र आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छात्रों और आम लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना सड़क सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है.
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए. उन्होंने वाहन दुर्घटनाओं से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की नियमानुसार जल्द रिलीज सुनिश्चित करने को कहा.
डिजिटल पोर्टलों को समय पर अपडेट रखने का निर्देश
ट्रैफिक एसपी ने आईआरएडी, ई-डीएआर और सीसीटीएनएस पोर्टल पर दुर्घटनाओं से संबंधित सभी सूचनाओं को समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि डिजिटल रिकॉर्ड का सही और समयबद्ध रखरखाव पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाएगा.
यातायात नियमों के पालन के लिए अभियान होगा तेज
सागर कुमार ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक एनफोर्समेंट अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए.
स्कूलों में लगातार चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
ट्रैफिक एसपी ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर नियमित जागरूकता अभियान चलाया जाए. निरीक्षण के दौरान बाइपास यातायात थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने कहा कि सभी निर्देशों का पालन करते हुए विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे.
