Tejashwi Yadav: बिहार में एक तरफ नई सरकार गठन को लेकर कयासों का दौर जारी है तो दूसरी तरफ राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा फैसला लेते हुए पार्टी की छात्र इकाई को भंग कर दिया है. अब इसकी जगह नया छात्र संगठन बनाया जाएगा. इसका नाम सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया रखा गया है. यह संगठन सिर्फ बिहार ही नहीं, पूरे देश में काम करेगा. तेजस्वी यादव ने कहा कि इस नए मंच का मकसद शिक्षा को मजबूत करना और समाज में बराबरी बढ़ाना है.
बिहार सरकार पर क्या बोले
मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह जनता नहीं बल्कि दो लोग तय करेंगे. यह जनादेश की सरकार नहीं है. उन्होंने कहा कि अब बिहार की सरकार गुजरात से चलेगी.
बिहार का खजाना खाली- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि जाते-जाते बिहार का खजाना खाली कर दिया गया. 20 साल के लंबे शासन के बाद भी बिहार देश का सबसे गरीब राज्य बना हुआ है और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं.
उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बिहार की हालत और खराब हो सकती है. तेजस्वी ने यह भी कहा कि दो महीने बाद कोई नीतीश कुमार को पूछने वाला नहीं रहेगा.
बीजेपी के असर में जदयू
जदयू पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि अब यह पार्टी पूरी तरह भाजपा के असर में आ चुकी है. उनके अनुसार जदयू में फैसले भाजपा के एजेंट ले रहे हैं और सत्ता में बैठे लोग जनता से ज्यादा मंत्री पद और ठेकों में रुचि रखते हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
सिर्फ कुर्सी बचाने का खेल चल रहा है
वेतन और पेंशन के मुद्दे पर भी उन्होंने सवाल उठाए. तेजस्वी ने कहा कि विधायकों को बराबरी से भुगतान नहीं हुआ और सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन तथा पेंशन नहीं मिल रही है. बिहार में इस समय सिर्फ कुर्सी बचाने का खेल चल रहा है.
लालू प्रसाद यादव की याचिका सुप्रीम कोर्ट से खारिज होने के सवाल पर तेजस्वी ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया. विधायक फैसल रहमान के मामले में उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को देख रही है और फैसला संगठन स्तर पर लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन? संजय झा ने दिए संकेत, जल्द खत्म होगा सस्पेंस
